अखिलेश ने सरकार पर कसा तंज, कहा- भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग कर वोटों की डकैती की है

punjabkesari.in Friday, Aug 22, 2025 - 08:21 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को आरोप लगाया है कि भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग कर वोटों की डकैती की है। पार्टी द्वारा जारी बयान के मुताबिक यहां सपा के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आये नेताओं और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए यादव ने कहा,‘‘भाजपा गरीबों का वोट कटवा रही है। समाजवादी पार्टी ने 2022 में गलत तरीके से काटे गए वोटों को लेकर आवाज उठायी तो निर्वाचन आयोग ने नोटिस भेज दिया था।

उन्होंने कहा कि सपा ने मतदाता सूची से हटाये गये 18 हजार मतदाताओं की सूची शपथ पत्र के साथ निर्वाचन आयोग को भेजी थी लेकिन उसने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि जब वोट चोरी और वोट काटने का मामला उठा तो मुख्य चुनाव आयुक्त ने कह दिया कि कोई हलफनामा नहीं मिला जबकि समाजवादी पार्टी के पास हर हलफनामे की रसीद है। यादव ने कहा,‘‘ भाजपा की सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है।

जनता भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए कटिबद्ध है। गरीब जनता भाजपा को हटायेगी।'' उन्होंने कहा ,‘‘ उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। किसानों को खाद नहीं मिल रही है। खाद का बड़ा घोटाला है। खाद के लिए महिलाओं को भी लाइन लगानी पड़ रही है। भाजपा सरकार खाद नहीं दे पा रही है। वह लाठियां बरसा रही है।'

पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि जल जीवन मिशन में बजट का जमकर बंदरबांट हुआ जिसके फलस्वरूप पानी की टंकियां लगातार गिर रही हैं। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर देने का दावा करते हुए कहा कि सरकार ने स्कूलों को बंद कर दिया तथा बंद किए गए स्कूल चालू नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून व्यवस्था ध्वस्त है, अपराधी खुलेआम हत्याएं कर रहे हैं, हत्या, लूट, बलात्कार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static