मायावती सोचें, अखिलेश जब पिता और चाचा के नहीं हुए तो बुआ के क्या होंगे: केशव

punjabkesari.in Sunday, Mar 25, 2018 - 07:35 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बसपा अध्यक्ष मायावती से कहा है कि उन्हें सोचना चाहिए कि अखिलेश यादव जब पिता और चाचा के नहीं हुए तो बुआ के क्या होंगे। मौर्य ने पत्रकारों से कहा कि मायावती ने राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा पर बेबुनियाद आरोप लगाए हैं। मायावती ने यह भी कहा है कि बसपा और सपा का गठबंधन और मजबूत होगा।

मौर्य ने कहा कि बसपा अध्यक्ष को सोचना चाहिए कि अखिलेश यादव जब अपने पिता और चाचा के नहीं हुए तो बुआ के क्या होंगे। पिता से पार्टी छीन ली और चाचा से मंत्रीपद। मायावती यदि नहीं चेतीं तो उनकी बची खुची राजनीतिक जमीन भी चली जाएगी। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री रहते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने डा. भीमराव अम्बेडकर को भू-माफिया तक कह डाला था। बसपा संस्थापक कांशीराम के नाम से सहारनपुर में बने कालेज का नाम बदल दिया था।

उन्होंने कहा कि मायावती कहती हैं कि गेस्ट हाउस कांड के समय अखिलेश यादव राजनीति में नहीं थे लेकिन उन्हें यह कहने से पहले गेस्ट हाउस कांड में शामिल रहे लोगों के बारे में अपने विचार बताने चाहिए। उस कांड में कई आरोपी अखिलेश यादव के साथ हैं। उन्होंने कहा कि बसपा की पराजय से मायावती बौखलाहट में है इसलिए भाजपा पर राज्यसभा चुनाव में खरीद फरोख्त का आरोप लगा रही हैं। सच्चाई तो यह है कि भाजपा गठबंधन के विधायकों को तोड़ने की कोशिश की गई।

Punjab Kesari