अखिलेश सहेजेंगे मुलायम की विरासत! मैनपुरी के करहल सीट से लड़ सकते हैं चुनाव

punjabkesari.in Thursday, Jan 20, 2022 - 11:09 AM (IST)

मैनपुरी: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद मैनपुरी जिले की किसी सीट से चुनाव लड़ने की चर्चाएं गर्म हैं। पिता मुलायम सिंह यादव की विरासत सहेजने के साथ चुनावी समीकरण साधने को अखिलेश जल्द यह फैसला ले सकते हैं। अखिलेश के चुनाव लड़ने  के लिए करहल विधानसभा सीट को सबसे ज्यादा मुफीद माना जा रहा है। मुलायम सिंह ने भी सपा से मैनपुरी जिले में ही पहला विधानसभा चुनाव लड़ा था। मैनपुरी जिला मुलायम सिंह की सियासी कर्मस्थली रहा है। इसलिए यहां की करहल सीट से लड़ने की सबसे ज्यादा संभाावना जताई जा रही है। 

यहां पहले भी सैफई परिवार के सदस्य पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव के चुनाव लड़ने के कयास भी लगते रहे हैं। इस सीट पर सजातीय यादव मतदाता सर्वाधिक हैं। ऐसे में अखिलेश के करहल सीट से लड़ने की संभावनाएं सबसे ज्यादा प्रबल हैं। खुद पार्टी संगठन भी यही चाहता है। अखिलेश के चुनाव लड़ने का संकेत देते ही बुधवार शाम को संगठन का एक प्रतिनिधि मंडल यह अनुरोध लेकर सपा मुखिया से मिलने के लिए रवाना भी हो गया। दूसरे विकल्प के तौर पर मैनपुरी सीट को रखा गया है।

Content Writer

Tamanna Bhardwaj