अखिलेश का मायावती पर हमला, कहा- BJP से मिली हुई है BSP

punjabkesari.in Thursday, Dec 15, 2016 - 10:37 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में अपना वोट भाजपा के खाते में डलवाने वाली बसपा के लगभग सभी बड़े नेता अपना-अपना वोट लेकर भाजपा में जा चुके हैं, इसलिए यह पार्टी लड़ाई में बहुत पीछे छूट गई है। अखिलेश ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा नगर बस सेवा के उद्घाटन अवसर पर दोहराया कि बसपा ने पिछले लोकसभा चुनाव में सपा को नुकसान पहुंचाने के लिए अपना वोट भाजपा को दिलवा दिया था। समाज में एेसे भी लोग होते हैं जो दूसरे का नुकसान करने के लिए अपना कितना भी नुकसान करने को तैयार रहते हैं।  सपा और भाजपा की साठगांठ के बसपा मुखिया मायावती के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की वजह से बसपा हम पर आरोप लगा रही है। ये लोग (बसपा) भाजपा से मिले हुए हैं। यह आरोप (भाजपा से मिलीभगत का) हम पर क्यों लगेगा। हमने तो काम किया है। इतना काम किसी और सरकार ने नहीं किया होगा।

गठबंधन का सबसे ज्यादा फायदा हमें ही होगा
उन्होंने एक सवाल पर कहा कि हमारा बसपा से मुकाबला नहीं है, क्योंकि लड़ाई में बसपा बहुत पीछे छूट गई है। उसकी भाईचारा कमेटियों के भाइयों का क्या हुआ। वे तो सब भाजपा में चले गए। कोई नहीं बचा। सोचिए कि उन्हीं का वोट भाजपा में चला गया, लेकिन वह (मायावती) गुमराह करना चाहती हैं। समाजवादियों को लड़ाई में कमजोर करना चाहती हैं। कांग्रेस से गठबंधन की हिमायत के अपने बयान पर मायावती द्वारा उठाए गए सवाल पर अखिलेश ने कहा कि मेरी लाइन बिल्कुल साफ है। शायद वह (मायावती) समझ नहीं पायीं कि वैसे तो सपा बहुमत की सरकार बना रही है लेकिन अगर गठबंधन हो जाए तो 300 सीटों से ज्यादा जीत जाएंगे। गठबंधन का सबसे ज्यादा फायदा हमें ही होगा।

बीजेपी सरकार पर बोला हमला
केन्द्र में सत्तारूढ़ भाजपा पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस समय कालेधन, भ्रष्टाचार और जाली नोट पर सर्जिकल स्ट्राइक की बात की गई थी, उस वक्त कैशलेस इकोनॉमी की बात नहीं हुई थी। भाजपा के लोग समय-समय पर सर्जिकल स्ट्राइक बदलते रहेंगे। पहले सीमा पर सर्जिकल स्ट्राइक की, उसमें असफल रहे, यह जो नया मामला आया है उसमें भी असफल रहे। इसलिए आपको सावधान रहना होगा।

बैंकों और एटीएम के बाहर अब भी लम्बी कतारें
नोटबंदी के बाद पैदा हालात को सपा के लिए एक मौका बताते हुए अखिलेश ने कहा कि बैंकों और एटीएम के बाहर अब भी लम्बी कतारें लगी हैं। अगर ये लाइन चुनाव तक लगी रह गई तो सोचो वोट किधर जाएगा। समाजवादियों को इससे अच्छा मौका नहीं मिल सकता। कहा जाता है कि कभी-कभी चीजें भाग्य से मिलती हैं। यहां आपके साथ काम भी है और भाग्य भी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में दोबारा सरकार बनाने के बाद वह नोएडा जरूर जाएंगे। जब इतने रिकार्ड बनाए हैं, तो एक और बनाएंगे। विधानसभा चुनाव के लिए सपा के टिकटों को लेकर पार्टी में मतभेद की बातों को गलत बताते हुए अखिलेश ने कहा कि जहां तक टिकटों का सवाल है तो सारे प्रत्याशी हमारे हैं। आप उन उम्मीदवारों से पूछ लीजिए।

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें