उत्तराखंड के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे अखिलेश यादव, BJP पर साधा निशाना

punjabkesari.in Sunday, Jan 22, 2023 - 02:22 PM (IST)

लखनऊ (अश्वनी कुमार सिंह) : 2024 के आम चुनाव में सत्ताधारी BJP को उखाड़ फेंकने व केंद्र में तीसरे मोर्चे की सरकार बनाने के कवायद में जुटे सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) आज अपनी पार्टी के उत्तराखंड में विस्तार करने व पार्टी नेताओं से मिलने के लिए एक दिवसीय उत्तराखंड के दौरे पर हैं। यहां वह पार्टी नेताओं के साथ मुलाकात करने के साथ ही पार्टी के विस्तार पर चर्चा करेंगे। अपने उत्तराखंड दौरे से पहले सपा प्रमुख ने लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में जाकर प्रखर समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्र के जयंती पर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी।

BJP के पास कोई पार्क नहीं है
जनेश्वर मिश्र पार्क में जनेश्वर मिश्र को श्रद्धांजली देने के बाद मीडिया से बात करते हुए सपा प्रमुख ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि BJP के पास कोई पार्क नहीं है। उन्हें जब ऑक्सीजन की ज़रूरत पड़ती है तो लोहिया पार्क या छोटे लोहिया पार्क जाते हैं। जो लोग लंदन न्यूयॉर्क से इन्वेस्टमेंट ला रहे थे। वो अब जिले से इन्वेस्टमेंट ला रहे हैं। ये लोग जनता को धोखा दे रहें हैं। उसके अलावा कुछ नहीं कर रहे।

सरकार पर लगाया निजीकरण करने का आरोप
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा  कि आज देश व प्रदेश में कोई भी गरीब या कोई भी व्यक्ति न्याय की उम्मीद नहीं कर सकता है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार निजीकरण की राह पर चल रही है। आज बीजेपी उन कानूनों को बना रही है। जिससे सरकार संस्थान निजी हाथों में चले जाए। इस तरह की समस्याओं को समाजवादी विचारधारा ही खत्म सकती हैं। इसके साथ ही अखिलेश यादव ने दावा करते हुए कहा कि बीजेपी इस बार 80 में से 80 सीटें हारेगी।

सपा सरकार बनते ही कराएंगे जनगणना
वहीं मीडिया के जातिगत जनगणना को लेकर सवाल करने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि जाति जनगणना कोई आज की मांग नहीं है। अंग्रेजों ने किसी जमाने में इस पर समझौता किया था।सभी को संविधान के अधिकार तभी मिल सकते हैं जब जाति जनगणना सही पता होगा। समाजवादियों का मानना है कि जाति जनगणना होनी चाहिए। प्रदेश में जैसे ही हमारी सरकार बनेगी हम जाति जनगणना कराएंगे।

उत्तराखंड पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
उत्तराखंड के दौरे पर पहुंचने पर हल्द्वानी के पंतनगर एयरपोर्ट पर सपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश का जोरदार स्वागत किया। यहां से अखिलेश यादव रुद्रप्रयाग में पार्टी नेता के घर पहुंचे।  

Content Editor

Prashant Tiwari