मुस्लिम समाज को गुमराह कर रहे हैं अखिलेश यादव: OP राजभर

punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 08:42 AM (IST)

आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि आजमगढ़ अब किसी एक का गढ़ नहीं रह गया है, बल्कि यह सभी जाति और धर्म के लोगों का साझा क्षेत्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव का मामला न्यायालय में विचाराधीन है और अदालत के निर्णय के बाद ही सरकार चुनाव कराएगी।

अखिलेश यादव पर साधा निशाना 
राजभर गुरुवार को सिविल लाइन स्थित नेहरू हाल में आयोजित अल्पसंख्यक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह मुस्लिम समाज को गुमराह कर रहे हैं, जबकि भाजपा एवं सहयोगी दलों की सरकार में मुस्लिम समाज अधिक सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की कई बार सरकार बनी, लेकिन किसी मुसलमान को मुख्यमंत्री नहीं बनाया गया। यदि सपा वास्तव में मुस्लिम हितैषी है तो उसे पहले ही घोषित करना चाहिए कि सत्ता में आने पर मुस्लिम मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। 

'भाजपा व सहयोगी दल प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएंगे'
ओपी राजभर ने आरोप लगाया कि सपा केवल समाज को भ्रमित कर सत्ता हासिल करना चाहती है, लेकिन इस बार उसके मंसूबे सफल नहीं होंगे और भाजपा व सहयोगी दल प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएंगे। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि वह गाजीपुर की जहूराबाद विधानसभा सीट से ही चुनाव लड़ेंगे। साथ ही बताया कि आजमगढ़ में एनडीए सभी 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि अतरौलिया विधानसभा सीट से उनके पुत्र को चुनाव लड़ाने की तैयारी की जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static