मंत्री असीम अरुण बोले- अखिलेश यादव देख रहे भाजपा के टूटने का सपना, हमारे कार्यकर्ता लालच में काम नहीं करते

punjabkesari.in Sunday, Sep 11, 2022 - 12:19 PM (IST)

लखनऊ: प्रदेश के सियासी गलियारों में हलचल मचा हुआ है। भारतीय जनता पार्टी के लगभग सभी नेता अखिलेश यादव पर हमलावर हो रहें हैं। इसी कड़ी में फर्रुखाबाद में आए पूर्व IPS और समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने भी अखिलेश पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता राष्ट्र के निर्माण का कार्य करता है। अखिलेश यादव भाजपा के टूटने का सिर्फ सपना ही देख सकते हैं। 

शनिवार को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एक निजी कार्यक्रम में आए थे। इस दौरान उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के उस बयान का जवाब दिया, कहा कि अखिलेश यादव भाजपा के टूटने का सपना देख सकते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि भारतीय जानता पार्टी में मुख्यमंत्री से लेकर बूथ अध्यक्ष तक का कार्यकर्ता किसी पद के लालच में काम नहीं करता है। भाजपा का हर कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के लिए आता है।

2024 के नतीजे चौंकाने वाले होंगे
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने विपक्षी एकता पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में नतीजे चौंकाने वाले होंगे। इस बार प्रदेश की सभी लोकसभा सीटें भाजपा जीतेगी। सपा के शासन में कुर्सी पर बैठे राजा का आदेश चलता था, लेकिन भाजपा के शासन में कानून का राज है। भाजपा का कार्यकर्ता पहले तो गलत चलने के लिए कई बार सोचेगा और अगर वह गलत राह पकड़ता है तो फिर कानून अपना काम करेगा।

दरअसल, बीते दिनों अखिलेश ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को लेकर एक बयान दिया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि केशव प्रसाद का बहुत पहले से सीएम बनने का सपना है। अगर वह 100 विधायक लेकर आते है तो उन्हें मैं समर्थन कर मुख्यमंत्री बना दूंगा। इस बयान के बाद भाजपा के खेमे में हलचल होने लगा और लगभग सभी नेता अखिलेश यादव को आड़े हाथे लेते हुए हर दिन तंज कसते नजर आ रहे हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Imran

Recommended News

Related News

static