देश के लोगों ने बदलाव लाने का निर्णय किया है और यह बदलाव होगा: अखिलेश यादव

punjabkesari.in Thursday, Apr 11, 2024 - 04:13 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव बृहस्पतिवार को यहां ऐशबाग ईदगाह में ईद की नमाज में शामिल हुए और उन्होंने लोगों को ईद की बधाई दी। मीडिया से बातचीत में यादव ने कहा कि भारत में हम विभिन्न समुदायों के साथ मिलकर त्यौहार मनाते हैं। यह हमारी संस्कृति की पहचान है। उन्होंने कहा कि “मुझे उम्मीद है कि हमारी साझा संस्कृति के साथ हम इस देश को समृद्धि की तरफ ले जाएंगे।”

अखिलेश यादव ने शुरुआत में त्यौहार पर कोई राजनीतिक टिप्पणी करने से इनकार किया। हालांकि उन्होंने मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र के बारे में कहा कि लोग इस बार बदलाव के लिए यह चुनाव लड़ रहे हैं। मैनपुरी से उनकी पत्नी डिंपल यादव उम्मीदवार हैं, जबकि भाजपा ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह को मैनपुरी से मैदान में उतारा है। अखिलेश यादव ने कहा, “लोग देख रहे हैं कि हमारे देश में क्या चल रहा है? कानून व्यवस्था की क्या स्थिति है? हमारी बेरोजगारी का स्तर क्या है? और स्वतंत्र प्रेस कहां है? हम स्वास्थ्य और गरीबी सूचकांक में कहां खड़े हैं?”

उन्होंने कहा, “लोग इन मुद्दों पर मतदान करने जा रहे हैं। हमारी सीमाएं क्यों सिकुड़ रही हैं। हमें चिंता करनी चाहिए कि अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर असुरक्षा बढ़ी है। इस देश के लोगों ने बदलाव लाने का निर्णय किया है और यह बदलाव होगा।”

ये भी पढ़ें......
'निराश मत होना, आज नहीं तो कल विजय मिलेगी...', अजय राय को प्रेमानंद महाराज ने दिया आशीर्वाद

लोकसभा चुनाव से पहले सभी राजनीतिक पार्टियों के नेता धार्मिक स्थलों पर जा रहे हैं। साथ ही धर्म गुरुओं का आशीर्वाद भी ले रहे हैं। इसी बीच यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष और वाराणसी से लोकसभा प्रत्याशी अजय राय वृंदावन पहुंचे। जहां उन्होंने प्रेमानंद महाराज जी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। इसी दौरान मुलाकात का एक वीडियो भी बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह प्रेमानंद महाराज से हताशा और पराजय को लेकर गुरुमंत्र लेते दिख रहे हैं।

Content Editor

Harman Kaur