''भाजपा सरकार ने बेरोजगारी दी, महंगाई दी और अन्याय दिया...'', BJP पर जमकर बरसे अखिलेश यादव

punjabkesari.in Tuesday, May 28, 2024 - 06:14 PM (IST)

देवरिया: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी पर जनता को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सातवें चरण के मतदान के आते-आते जनता का गुस्सा झूठी गारंटी देने वालों के खिलाफ सातवें आसमान पर है और जनता खुद ही इनके खिलाफ चुनाव लड़ रही है।

'कोई वर्ग नहीं बचा जिसे भाजपा सरकार ने अपमानित न किया हो...'
बांसगांव लोकसभा क्षेत्र के बरांव में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के साथ संयुक्त जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ वह लोग हैं जो संविधान को खत्म करना चाहते हैं, संविधान के भक्षक लोग हैं और दूसरी तरफ समाजवादी व इंडिया गठबंधन के लोग हैं, जो संविधान को बचाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बेरोजगारी दी, महंगाई दी और अन्याय दिया। कोई वर्ग नहीं बचा जिसे भाजपा सरकार ने अपमानित न किया हो। इन लोगों के साथ भाजपा सरकार जितना भेदभाव और अन्याय कर सकती थी, उसने किया है।

जनता के डर से भाजपा 400 पार का नारा भूल गई है: सपा प्रमुख
अखिलेश यादव ने दावा किया कि देश की जनता भाजपा के झूठे वादों से पार पाना चाहती है। जिसका नतीजा है कि जब सातवें चरण में मतदान होगा तो जनता का गुस्सा भाजपा के खिलाफ सातवें आसमान पर दिखाई देगा। इसी डर से भाजपा 400 पार का नारा भूल गई। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जैसे-जैसे चुनाव अंतिम चरण की ओर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के नेता मंच से नफरती तथा मजहबी बातें कहकर जनता को गुमराह कर रहे हैं।

अखिलेश यादव ने 4 जून को इंडिया गठबंधन की सरकार बनने का किया दावा
उन्होंने दावा किया कि चार जून को इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है और सत्ता परिवर्तन के साथ ही नौकरी के बंद हो चुके अफसरों को फिर से खोला जाएगा। सेना में भर्ती होकर राष्ट्र सेवा करने वाले युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए अग्निवीर योजना को खत्म किया जाएगा। भाजपा सरकार दस वर्ष में किसानों की आय दोगुनी नहीं कर पाई। इंडिया गठबंधन की सरकार बनते पर किसानों को जीएसटी से मुक्ति के साथ ही एमएसपी की कानूनी गारंटी देगी। सपा अध्यक्ष ने कहा कि उद्योगपतियों का 25 लाख करोड़ रुपये माफ करने वाली भाजपा सरकार ने किसानों के कर्ज को माफ नहीं किया लेकिन सरकार बदलते किसानों की कर्ज माफी का काम किया जायेगा।  




 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News

static