अखिलेश मंत्रिमंडल का विस्तार 26 को, फिर मंत्री पद की शपथ लेंगे गायत्री प्रसाद

punjabkesari.in Saturday, Sep 24, 2016 - 12:38 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव मंत्रिमंडल का विस्तार आगामी 26 सितंबर को होगा। आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने गत 12 सितंबर को पंचायती राज मंत्री राज किशोर सिंह और खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति को बर्खास्त कर दिया था। गायत्री प्रजापति को मंत्रिमंडल में शामिल किये जाने की घोषणा की जा चुकी है लेकिन राजकिशोर सिंह के बारे में सपा नेतृत्व ने चुप्पी साध ली है। 

सूत्रों के अनुसार राजभवन में 12 बजे मंत्रियों को शपथ दिलायी जाएगी। अखिलेश यादव मंत्रिमंडल का यह आठवां विस्तार होगा। मुख्यमंत्री के रूप में अखिलेश यादव ने 15 मार्च 2012 को शपथ ली थी। प्रजापति के साथ जियाउद्दीन रिजवी को भी मंत्री पद की शपथ दिलायी जा सकती है। रिजवी को अखिलेश यादव ने पिछले विस्तार में ही मंत्री बनाने की घोषणा कर दी थी लेकिन विदेश में रहने की वजह से वह शपथ नहीं ले सके थे। इनके अलावा एक या दो लोगों को और मंत्री पद दिये जाने की अटकलें लगायी जा रही है।