अखिलेश का केशव मौर्य को खुला ऑफर, बोले- 100 विधायक तोड़ें, बना देंगे CM...डिप्टी सीएम ने दिया करार जवाब

punjabkesari.in Wednesday, Sep 07, 2022 - 03:59 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बीच जुबानी जंग कोई नई बात नहीं है। लेकिन इन दिनों दोनों के बीच जुबानी तीर एक बार फिर शुरू हो गए हैं। अखिलेश यादव ने केशव मौर्य को सीधा ऑफर दिया है कि वे अपने 100 विधायक लेकर आएं। हम उन्हें मुख्यमंत्री बना देंगे। हालांकि, अखिलेश के ऑफर के जवाब में केशव प्रसाद मौर्य ने अपनी पार्टी और संगठन बचाने की सलाह उन्हें दे दी है।

अखिलेश यादव ने कहा था कि केशव प्रसाद मौर्य बहुत कमजोर आदमी हैं। वे आज भी 100 विधायक लेकर आएं, हम उन्हें समर्थन करेंगे। उन्हें बिहार से उदाहरण लेना चाहिए, जो बिहार में हुआ वो यूपी में क्यों नहीं हो सकता है। वो एक बार बता रहे थे कि उनके पास सौ से ज्यादा विधायक हैं। वो आज भी आएंगे तो हम उन्हें समर्थन कर देंगे।

वहीं इसके बाद केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव का ऑफर आने के बाद जवाबी हमला बोला। उन्होंने अखिलेश के बयान के जवाब में कहा कि वो एक सामंतवादी मानसिकता के बन चुके हैं। समाजवादी पार्टी नाम की कोई पार्टी नहीं है। एक परिवार की पार्टी है। उनके दावे में कोई दम नहीं है। भाजपा अपने आप में इतनी मजबूत पार्टी है, जिसको किसी के सहारे की जरूरत नहीं है। केशव मौर्य ने कहा कि हमारे गठबंधन के जो साथी हैं, वो हमारे साथ हैं। उनके साथ मिलकर हम सरकार चला रहे हैं। वे अपने 100 विधायक बचाएं। वो सब भाजपा में आने को तैयार हैं। इस बयान के साथ ही केशव प्रसाद मौर्य ने चुनौती सपा अध्यक्ष के सामने पेश कर दी है।

जानने योग्य है कि यूपी की 403 सदस्यीय विधानसभा में समाजवादी पार्टी को 111 सीटों पर जीत मिली है। सपा गठबंधन को विधानसभा में 125 सीटों पर जीत मिली थी। यूपी चुनाव से पहले अखिलेश लगातार दावा कर रहे थे कि प्रदेश में एक बार फिर समाजवादी सरकार की वापसी होगी। चुनाव में पार्टी के सीट तो बढ़े, लेकिन पार्टी बहुमत से मीलों दूर रह गई। 


 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj