भाजपा पर अखिलेश का तीखा हमला: ''बेइमानी से बनी सरकार, अब जनता देगी जवाब''
punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 06:39 PM (IST)
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने समानता भाईचारा रैली में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में फिर से हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि सामजवादी पार्टी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। यादव ने भाजपा ने अब तक बेइमानी के सहारे सरकार बनाई और चुनावों में धांधली की, लेकिन इस बार जनता सब समझ चुकी है और जवाब देने के लिए तैयार है।
उपचुनाव और चुनावी धांधली पर आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि उपचुनाव में समाजवादी पार्टी को बेइमानी से हराया गया। उन्होंने दावा किया कि “इस बार चुनाव में इनकी चार सौ बीसी नहीं चलेगी” और चुनाव लूटने वालों से जनता दूरी बना रही है।
फेक एनकाउंटर पर उठाए सवाल
सपा प्रमुख ने कथित फेक एनकाउंटर को लेकर भी सरकार और अधिकारियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों से अधिकारी भी अंदर से दुखी हैं और अदालत का डर उन्हें सतर्क कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि फेक एनकाउंटर का सच जल्द ही सामने आएगा और इससे जुड़े अधिकारियों के परिवार भी परेशान हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि जब कोई कहता है “प्रदेश में कोई माफिया नहीं है”, तो इसका मतलब होता है कि एक ही माफिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अपने और अपने सहयोगियों के मुकदमे वापस लिए हैं।
9 साल की सरकार पर सवाल
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपने 9 साल का हिसाब देने में असफल रही है। विकास के नाम पर अधूरे प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया जा रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि हाल ही में जिस एयरपोर्ट का उद्घाटन हुआ है, वह अधूरा है और उसकी एनओसी समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान दी गई थी। उन्होंने वादा किया कि उनकी सरकार आने पर सभी फेज पूरे किए जाएंगे और बिना भेदभाव के विकास होगा।
NRC और SIR पर टिप्पणी
सपा प्रमुख ने SIR (Special Intensive Revision) को NRC से जोड़ते हुए कहा कि यह प्रक्रिया लोगों को डराने के लिए इस्तेमाल की जा रही है। अखिलेश यादव ने PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) प्रहरियों को वोट बचाने के लिए बधाई दी और कहा कि अब जनता सच्चाई समझ चुकी है और बदलाव चाहती है।

