भाजपा का एजेंडा झांसा दर झांसाः अखिलेश यादव

punjabkesari.in Tuesday, Feb 04, 2020 - 12:25 PM (IST)

लखनऊः पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने लिखित बयान जारी कर कहा कि झांसा दर झांसा भाजपा का एजेंडा है। आखिर रोजगार देने के भाजपा के दावों का क्या हो रहा है? नौजवान कब तक रोजगार के झांसे में रहेंगे? पहले बैंकिंग सेक्टर को संकट में फंसा दिया अब उसको उबारने की घोषणा निरर्थक एक्सरसाइज नहीं तो क्या है? 

उन्‍होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और गौमाता को संरक्षण देने की स्थिति यह है कि सरकारी संरक्षण में रोज गायों की मौत हो रही है। आवारा पशु खेत चर रहे हैं। जबकि जीवन बीमा निगम, एयर इंडिया और रेलवे से सरकार हाथ खींच रही है। भाजपा सरकार की नीतियों के कारण अन्नदाता को ऊर्जाविहीन बनाया जा रहा है।

अखिलेश इतने पर ही नहीं रूके उन्होंने कहा कि मंहगाई पर कोई नियंत्रण नहीं है। उद्योग धंधे बंद हो रहे हैं। बाहरी निवेश आ नहीं रहा है। नौजवानों के लिए रोजगार के अवसर सृजित नहीं हो रहे हैं। भारत में एक प्रतिशत अमीरों के पास 70 प्रतिशत आबादी की 4 गुना दौलत बंधक है। देश के 63 अरबपतियों की सम्पत्ति तो भारत के एक साल के बजट से भी अधिक है। देश में एक टॉप सीईओ साल में जितना कमाता है उतना हासिल करने में घर की मेड को 22-27 साल लग सकते हैं। स्पष्ट है कि भाजपा राज में अमीर ही और अमीर हो रहे हैं। गरीबी हटाओ का अर्थ गरीब को हटाओ हो गया है।

Tamanna Bhardwaj