''जब BJP सरकार से कोई उम्मीद नहीं... तो उसके बजट से क्या होगी'', बजट 2026 पर बोले अखिलेश यादव

punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 07:01 PM (IST)

लखनऊ : एक फरवरी (भाषा) संसद में रविवार को पेश हुए केंद्रीय बजट 2026-2027 पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जब भाजपा सरकार से कोई उम्मीद नहीं है, तो उसके बजट से क्या होगी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''आ गया भाजपाई बजट का परिणाम, शेयर मार्केट हुआ धड़ाम।'' 

उन्होंने कहा, ''हमने तो पहले ही कहा था - सवाल ये नहीं है कि शेयर बाज़ार रविवार को खुलेगा, सवाल ये है कि और कितना गिरेगा।'' सपा प्रमुख ने कहा, ''जब भाजपा सरकार से कोई उम्मीद नहीं है, तो उसके बजट से क्या होगी। हम तो भाजपा के हर बजट को 1/20 का बजट मानते हैं क्योंकि वो पांच प्रतिशत लोगों के लिए होता है।'' यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा का बजट, अपने कमीशन और अपने लोगों को लाभ पहुंचाने का बजट होता है। उन्होंने कहा, ''भाजपा का बजट, भाजपाई भ्रष्टाचार का अदृश्य खाता-बही होता है।'' 

उन्होंने दावा किया कि इस बजट में न आम जनता का ज़िक्र है, न फ़िक्र और महंगाई बेतहाशा बढ़ने पर भी इस बजट में जनता को कर में छूट न देना, ''टैक्स-शोषण'' है। यादव ने दावा किया, ''अमीरों के काम-कारोबार और घूमने-फिरने पर दस तरह की छूटें दी गईं हैं लेकिन बेकारी-बेरोज़गारी से जूझ रहे लोगों की उम्मीदों की थाली, खाली है। यह निराशाजनक, निंदनीय बजट है।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static