देवरिया कांड को लेकर BJP पर बरसे अखिलेश- सत्ताधारियों के लिए नारी सुरक्षा सिर्फ प्रचार का विषय

punjabkesari.in Tuesday, Aug 07, 2018 - 10:10 AM (IST)

लखनऊः देवरिया शेल्टर होम केस को लेकर राजनीतिक बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने जहां योगी सरकार से इस्तीफे की मांग की है, वहीं बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी इस घटना की निंदा की है। मामले पर अब तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर करारा हमला बोला है।

अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा है कि बिहार के बाद अब अत्तर प्रदेश के देवरिया में स्थगित मान्यता वाले नारी संरक्षण केंद्र से भी यौनाचार की खबर ने साबित कर दिया है कि सत्ताधारियों के लिए नारी सुरक्षा का विषय सिर्फ प्रचार का विषय है। सत्ताधारियों को बताना ही होगा कि जहां-जहां उनकी सरकारें हैं, वहां-वहां ऐसा क्यों हो रहा है।

बता दें कि, देवरिया में शेल्टर होम से एक लड़की भागकर महिला थाने पहुंची और सारी जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने शेल्टर होम पर छापेमारी कर 24 लड़कियों को वहां से मुक्त कराया। पुलिस ने शेल्टर होम की संचालिका, उसके पति और बेटी को गिरफ्तार कर शेल्टर होम को सील कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना की जांच के लिए दो सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति भी गठित की है।

Deepika Rajput