अब अलीगढ़ में भी 3 महिलाओं की कटी चोटियां, फैली सनसनी

punjabkesari.in Friday, Aug 04, 2017 - 12:14 PM (IST)

अलीगढ़: दिल्ली,हरियाणा और राजस्थान के रास्ते प्रदेश में फैल रही चोटी काटने की अफवाह ने मथुरा होते हुए अब अलीगढ़ में भी एंट्री मार दी है। जहां टप्पल व जट्टारी में एक युवती व 2 महिलाओं ने अचानक चोटी कट जाने की बात कहकर सनसनी फैला दी। फिलहाल तीनों पीड़ित यह नहीं बता सकी कि चोटी कैसे कटी? पुलिस ने इसे शरारत मानते हुए जांच शुरू कर दी है। वहीं यूपी पुलिस के सर्किल ऑफिसर तेजवीर सिंह ने मामलों की जांच का भरोसा देते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।

जानकारी के अनुसार जट्टारी के गांव मादक में पहला मामला दोपहर 12 बजे का है। जहां गांव के निवासी रोहतान की बेटी रजनी (19) घर में झाड़ू लगा रही थी। रजनी के मुताबिक काम करते समय अचानक उसकी चुनरी नीचे गिर गई और जब उसने उसे उठाया तो उसके बाल नीचे कटे पड़े थे। पीड़िता की चोटी कैसे खुली और किसने उसके बाल काट दिए, उसे कुछ नहीं पता। रजनी का कहना है कि आसपास कुत्ता घूमने का जरूर आभास हुआ था। अचानक बाल कटने से रजनी डर गई। उसके रोने की आवाज पर घर वालों को खबर हुई। उसने सिर में दर्द की शिकायत भी की। यह खबर पूरे गांव में फैल गई।

इसके कुछ ही देर ठीक सामने वाले घर में चंद्रपाल की पत्नी विमलेश के साथ भी यही हो गया। चंद्रपाल कई साल पहले गुजर गए थे। उनके तीन बच्चे हैं। घटना के समय विमलेश गोबर डालकर घर लौटी थीं। घर में कोई और न था। उनके मुताबिक हाथ धोते समय दीवार पर कौवा बोल रहा था। विचार आया कि कोई आएगा क्या? तभी, नीचे पड़े बालों पर उसकी नजर गई तो उसकी चीख निकल गई। जट्टारी पुलिस चौकी इंचार्ज मृदुल कुमार के मुताबिक यह शरारत ही लगती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल, पीड़ितों ने कोई लिखित शिकायत नहीं की है।