Aligarh: दबंगों ने मारपीट कर पुस्तैनी मकान पर जमाया कब्जा, न्याय की आस में DM आवास के बाहर बैठा पीड़ित परिवार

punjabkesari.in Monday, Sep 19, 2022 - 01:12 PM (IST)

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के गांधी पार्क थाना क्षेत्र के एक परिवार के पुस्तैनी मकान पर दबंगों द्वारा कब्जा कर लेने के बाद देर रात पूरा परिवार डीएम आवास के बाहर धरने पर बैठ गया। परिवार में बुजुर्ग, छोटे-छोटे बच्चे व महिला भी शामिल थीं। सूचना पर अपर सिटी मजिस्ट्रेट पहुंच गए। पीड़ित परिवार ने बताया कि दबंग ने आकर अपने साथियों के साथ परिवार के लोगों के साथ मारपीट की और घर पर कब्जा कर लिया। इतना ही नहीं आरोप है कि पुलिस ने भी उसका सहयोग किया। अपर सिटी मजिस्ट्रेट ने परिवार से वार्ता करने के बाद उनको थाने भिजवाया। वहीं दबंगों द्वारा घर पर कब्जा करने का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।

1975 में भाईयों ने खरीदा था प्लॉट
दरअसल गांधी पार्क थाना क्षेत्र के रहने वाले वासुदेव सिंह और उसके भाई तेजवीर सिंह ने एक प्लॉट सन 1971 में खरीदा था। जिसके बाद तेजवीर सिंह दिल्ली जाकर बस गए थे इसलिए उन्होंने अपना प्लॉट वासुदेव को 1995 में बेच दिया। लेकिन वर्ष 2020 में तेजवीर सिंह व उसके पुत्र ने वासुदेव से कहा कि हम तुझे वह जमीन नहीं देंगे। हमको वापस कर दें। इस पर वासुदेव ने कहा कि मैंने वह जमीन खरीदी है। इस पर दोनों ही पक्षों के बीच उस समय मारपीट हुई थी। जिस पर थाने में दोनों पक्षों में बाद में फैसला हो गया था।

दबंग सतेंद्र सिंह ने मकान पर जमाया कब्जा
वासुदेव ने इस मामले को लेकर सिविल कोर्ट में एक वाद दायर कर दिया। जिसका वाद अभी सिविल कोर्ट में चल रहा है। उसके बाद तेजवीर सिंह ने फर्जी तरीके से उस मकान को एक दबंग सत्येंद्र सिंह को बेच दिया। कल सत्येंद्र सिंह अपने साथियों के साथ उक्त मकान पर कब्जा लेने आया था। आरोप है कि उसने वहां वासुदेव के परिवार के साथ मारपीट की। इसका वीडियो भी किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। थक-हार कर पीड़ित परिवार देर रात डीएम आवास के बाहर धरने पर बैठ गया। मौके पर अपर सिटी मजिस्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से वार्ता की और उसके बाद इलाका पुलिस को पीड़ित परिवार के साथ मौके पर जाने के निर्देश दिए।

पुलिस प्रशासन पर दबंगों से मिलीभगत का आरोप
वासुदेव के पुत्र मोहन ने बताया कि पुलिस ने मेरे मकान पर कब्जा कराया है। मेरा जो कब्जा है वह दोबारा से मिल जाए। 2 साल से सिविल कोर्ट में मुकदमा चल रहा था और इस बीच सत्येंद्र ने उसका बैनामा करा लिया। हमने इसकी सूचना पूर्व में डीएम साहब, एसएसपी, थाना गांधी पार्क पुलिस व मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी दिया है। उसके बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई और उन लोगों ने आकर हमारे साथ मारपीट की। हम लोगों को तो अस्पताल भेज दिया गया और पीछे से हमारे मकान पर पुलिस ने कब्जा करा दिया। इसलिए हम डीएम आवास पर आ गए हैं। इस बाबत अपर सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि ये नगला माली के लोग थे उनके मकान के बंटवारे को लेकर विवाद था। वह लोग अपनी ब्यथा यहां कहने आए थे। मैंने पुलिस को निर्देश दिए हैं वह मौके पर जा रहे हैं इनको भी भेजा जा रहा है तुरंत कार्यवाही कराई जाएगी।

Content Writer

Mamta Yadav