आल इंडिया किसान मजदूर सभा ने दी देशव्यापी आंदोलन चलाने की धमकी

punjabkesari.in Monday, Apr 04, 2016 - 06:11 PM (IST)

इलाहबाद(सईद रजा): पंजाब के बाद इलाहाबाद में आल इंडिया किसान मजदूर सभा ने तीसरा राष्ट्रीय सम्मलेन का आयोजन किया। सम्मलेन में गरीब, मजदूर, किसानों और आदिवासियों के हक की लड़ाई, जो जमीन को जोते-बोए उस जमीन का हक दिलवाने, पहाड़ जंगलों से आदिवासियों को बेदखल करने के खिलाफ और मल्टीनेशनल के विरोध में आयोजित किया गया। सम्मलेन में विकास की परिभाषा को नए सिरे से परिभाषित करने की बात भी हुई। जिसमें कहा गया कि तमाम सरकारों के कार्यकाल में और अब मोदी सरकार में भी मल्टीनेशनल और कुछ घरानों के विकास को ही विकास मान लिया गया है। जबकि आम लोग इस विकास में हाशिए पर चले गए हैं। इलाहाबाद में 3 दिनों तक चले अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा के इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से हजारों कार्यकर्ता जुटे हुए थे।
 
इस सम्मेलन के कार्यकारिणी बैठक में संगठन के 7-8 सालों में किसान मजदूरों के खिलाफ हुए शोषण पर किए गए कामों की रिपोर्ट पेश की गई। साथ ही संगठन को और मजबूत बनाने पर बल दिया गया है। यह भी निर्णय लिया गया है कि एक महीने बाद संगठन देशव्यापी आंदोलन चलाएगा। जिसमें किसानों के खेती के संकट, बेरोजगारी, कर्ज माफी, जबरन विस्थापन, मजदूरी की दर बढऩे व इन गरीबों के खाद्य सुरक्षा के मुद्दे शामिल रहेंगे। वहीं किसान मजदूर व आदिवासियों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को जो बंद किया जा रहा है, उसके खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।  ज्ञात हो कि इस सम्मलेन में देशभर के 11 राज्यों  से 10 हजार से ज्यादा किसान मजदूर शामिल हुए और एक अप्रैल को इलाहबाद में विशाल रैली निकाल कर राज्य केंद्र सरकार को चेतावनी दी थी।