लोकसभा चुनाव 2019 के लिए जी जान से जुट जाएं सभी कार्यकर्ता: योगी

punjabkesari.in Tuesday, Jun 19, 2018 - 02:49 PM (IST)

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश में उपचुनावों में मिली करारी हार के बाद केंद्र और राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने बड़े स्तर पर मंथन शुरू किया। उत्तर प्रदेश में विरोधियों का पलड़ा भारी होने के बाद सोमवार को गाजियाबाद में पहली बार बड़े स्तर पर भाजपा की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय विदेश मंत्री वी के सिंह, सांसद महेश शर्मा, गौतमबुद्धनगर विधायक पंकज सिंह, गाजियाबाद के सभी विधायक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्य्क्ष अस्वनी त्यागी, मयंक गोयल, अशोक मोंगा, समेत वेस्ट के सभी सांसद और विधायक शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले चुनावों के लिए सभी लोग जी जान से जुट जाएं। संगठन के पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों के साथ होने वाली इस बैठक को मीडिया को दूर रखा गया। इसमें संगठन मंत्री सुनील बंसल के अलावा 14 सांसद और 59 विधायकों ने शिरकत की। जिनमें गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, बुलंदशहर, मुरादाबाद, हापुड़, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, बिजनौर, संभल, बरेली, बागपत, अलीगढ़, आगरा प्रमुख रूप से शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में कैराना व नूरपुर उपचुनाव में मिली हार की भी समीक्षा की गई।

Anil Kapoor