सोनिया-प्रियंका ने बैठक में दिया निर्देश, UP कांग्रेस की सभी इकाइयां की जाएंगी पुनर्गठित

punjabkesari.in Wednesday, Jun 12, 2019 - 05:23 PM (IST)

रायबरेलीः संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी अपनी बेटी व पूर्वी यूपी की प्रभारी प्रियंका वाड्रा के साथ बुधवार को रायबरेली पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की चिंतन मंथन बैठक में निर्देश दिया कि पार्टी यूपी में सपा बसपा या किसी अन्य दल से गठबंधन नहीं करेगी। हार की समीक्षा करते हुए उन्होंने यूपी कांग्रेस की सभी प्रदेश, जिला, शहर इकाइयों को पुनर्गठित करने के आदेश दिए हैं। साथ ही बैठक में 2022 के प्रदेश में विधानसभा चुनावों पर भी चर्चा हुई।

बता दें कि, लोकसभा चुनाव में विजयी होने के बाद सोनिया की यहां की यह पहली यात्रा है। उनकी पड़ोस के संसदीय क्षेत्र अमेठी जाने की उम्मीद नहीं है, जहां से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी लोकसभा चुनाव हार गए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता लाल आश किरण प्रताप सिंह ने बताया कि फुर्सतगंज से सोनिया और प्रियंका का काफिला भुएमऊ गेस्ट हाउस पहुंचा। वहां प्रियंका ने अपने क्षेत्र के पार्टी जिलाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक की।

उन्होंने बताया कि शाम को रायबरेली लोकसभा क्षेत्र की जनता के लिए आभार समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें करीब 2500 कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। रात्रि भोज भी होगा।

Deepika Rajput