गजब हाल! 100 साल की बुजुर्ग महिला के खिलाफ कानपुर में दर्ज FIR, रंगदारी मांगने का लगा है आरोप

punjabkesari.in Thursday, May 25, 2023 - 06:25 PM (IST)

कानपुर: योगी सरकार की लाख नसीहतों के बावजूद भी यूपी पुलिस अपनी छवि धूमिल करने से बाज नहीं आती है। आए दिन यूपी पुलिस की करतूतों से योगी सरकार की किरकिरी होती है। ऐसा ही एक अजब-गजब मामला कानपुर से सामने आया है। जहां कानपुर पुलिस ने एक 100 साल की बुजुर्ग महिला के खिलाफ 10 लाख की रंगदारी मांगने की एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का ये कारनामा जिसने भी सुना वो चौंक गया।

बता दें कि कल्याणपुर थाना पुलिस ने 100 साल की बुजुर्ग महिला के खिलाफ रंगदारी का मुकदमा दर्ज किया है। हैरानी की बात यह है कि बुजुर्ग महिला ना तो ठीक से चल सकती है और ना ही आंखों से देख सकती है। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर नई बस्ती की रहने वाली 100 वर्षीय कली देवी के प्लॉट पर कुछ लोग कब्जा करना चाहते हैं। उन लोगों ने महिला के ऊपर थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया है। ऐसे में बुजुर्ग महिला अपने परिजनों के साथ पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड से मदद की गुहार लगाई है। इसपर पुलिस कमिश्नर ने मामले में जांच के आदेश दिए है।

महिला ने बताया कि यह एफआईआर माधुरी की तरफ से दर्ज कराई गई है। जिसमें लिखा है कि 6 मार्च 2012 में तहसील से एक रिपोर्ट लगी थी। जिसमें मिर्जापुर का प्लॉट हमारे नाम पर दर्ज है। चंद्रकली के परिवार ने इसके फर्जी दस्तावेज बनवा लिए हैं। FIR में माधुरी ने आरोप लगाए हैं,'चंद्रकली, सुषमा तिवारी, कृष्ण मुरारी और ममता दुबे वसूली गैंग चलाते हैं। क्योंकि ये लोग यहां काफी दिनों से रह रहे हैं। 5 से 10 लाख रुपए लिए बिना किसी का मकान नहीं बनने देते हैं। चंद्रकली देवी ने धमकी दी है कि 10 लाख रुपए दिए बिना मकान नहीं बन पाएगा। अगर रुपए नहीं दिया तो प्लाट भी जाएगा और जान भी जाएगी।

Content Writer

Tamanna Bhardwaj