सहारनपुर के अंबाला रोड पर भीषण सडक हादसा, 10 की मौत

punjabkesari.in Sunday, Aug 07, 2016 - 09:43 PM (IST)

सहारनपुर: सहारनपुर के अंबाला रोड पर एक भीषण सडक हादसे में 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 35 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। मृतकों में तीन महिलाएं, एक लड़का तथा छह लड़कियां शामिल हैं। कई घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार सहजवा गांव से ट्रैक्टर ट्राली में 53 महिला-पुरुष व बच्चे सुल्तानपुर में सुमेर के घर गए थे। दरअसल सुमेर का लड़का सोनू बागड़ गया है। हरियाली तीज पर परंपरा के मुताबिक यदि कोई परिवार राजस्थान के बागड़ में जाता है तो उसके घर आसपास के लोग चाब (भीगे कच्चे चने) लेकर जाते है।

ये लोग भी चाब देकर वापस लौट रहे थे। रास्ते में दूसरी ट्राली से बचने के लिए चालक ने कट मारा तो ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। मौके पर ही दस लोगों ने दम तोड़ दिया। चीख पुकार सुनकर पहुंचे लोगों ने नीचे दबे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती करवाया। 35 घायलों में से कई की हालत गंभीर बनी है।