ईसाई मिशनरियों के इशारे पर तोड़ी जा रही हैं आंबेडकर की मूर्तियां: भाजपा सांसद

punjabkesari.in Sunday, Apr 15, 2018 - 07:12 PM (IST)

बलियाः भाजपा सांसद भरत सिंह ने दावा किया है कि ईसाई मिशनरियों के इशारे पर भाजपा सरकार को बदनाम करने के लिए बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की मूर्तिया तोड़ी जा रही हैं। भाजपा के स्थानीय सांसद सिंह ने आम्बेडकर जयंती कार्यक्रम में यह बात बोली। 

उन्होंने कहा कि ईसाई मिशनरी के लोग तथा उनके इशारे पर उनकी ओर से वित्त पोषित लोग मूर्ति भंजन का काम कर रहे हैं। इसके साथ ही सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा का आगे बढऩा ईसाई मिशनरियों को बर्दाश्त नहीं हो पा रहा है।  सिंह का बयान ऐसे समय आया है जब प्रदेश में हाल ही में बलिया, जौनपुर, सीतापुर सहित अनेक स्थानों पर आम्बेडकर की मूर्तिया तोडऩे की घटनाएं हुई हैं। 

सिंह ने कहा कि देश मे ईसाई मिशनरियों द्वारा आर्थिक सहयोग देकर व्यापक पैमाने पर हिंदुओ का धर्मांतरण कराया जा रहा है। मुस्लिम संस्थाओं के जरिए भी यह काम किया जा रहा है। योगी सरकार में शिलापट्ट को गेरुआ रंग में रंगने पर पूछे गए सवाल के जबाब में कहा कि उन्हें समझ में नहीं आता है कि गेरुआ रंग से लोगों को चिढ़ क्यों है।   

सपा के राष्ट्रीय महासचिव रमाशंकर विद्यार्थी ने भाजपा सांसद भरत सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा के नेता आम्बेडकर प्रतिमा तोडऩे के पीछे पाकिस्तान का हाथ भी बता सकते हैं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा है कि भगवान के चढ़ावे पर मलाई काटने वाली भाजपा आंबेडकर के नाम के जरिए देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।  
 

 

Ruby