अमेठी और पूर्वांचल के जिलों में ही चुनाव प्रचार करेंगी प्रियंका गांधी

punjabkesari.in Tuesday, Feb 07, 2017 - 06:08 PM (IST)

अमेठीः चुनावों में अमेठी और रायबरेली तक ही सक्रिय रहने वाली प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस ने इस बार स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया है। लेकिन वह पहले और दूसरे चरण के मतदान वाले जिलों में पार्टी और गठबंधन के लिए प्रचार नहीं करेंगी। पार्टी सूत्रों ने कहा है कि प्रियंका गांधी कांग्रेस के गढ़ अमेठी और इससे सटे पूर्वांचल के जिलों में ही प्रचार करेंगी। समाजवादी पार्टी चाहती है कि प्रियंका पश्चिमी यूपी में भी प्रचार करें। राहुल और अखिलेश की साझा रैली और रोड शो की तरह सपा डिंपल और प्रियंका को भी प्रचार में उतारना चाहती थी।

अमेठी और रायबरेली की सीटों को कांग्रेस मानती है अपना गढ
प्रियंका और डिंपल के लिए जो नया कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है उसमें 3 और 4  चरण में जहां-जहां मतदान होने हैं उस पर ध्यान केन्द्रित किया गया है। इसमें अमेठी, रायबरेली, इलाहाबाद, वाराणसी, कन्नौज और मैनपुरी शामिल हैं। इन  में से अमेठी और रायबरेली की सीटों को कांग्रेस का गढ माना जाता है।

सपा के गढ़ में भी कर सकती है प्रचारः प्रियंका 
बता दें पिछले 2 दशकों से प्रियंका अपनी मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली और अमेठी में ही चुनाव प्रचार करती रही हैं। परन्तु इस बार  प्रियंका 3 चरण के मतदान वाले क्षेत्रों से अपने चुनावी प्रचार का आगाज कर सकती हैं. हालांकि उनका पूरा ध्यान अमेठी और रायबरेली में ही होगा, लेकिन वह पूर्वांचल की कुछ अहम सीटों और सपा के गढ़ में भी प्रचार करेंगी।

दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में तालमेल बैठाने की कोशिश
दरअसल यह सब कवायद इसलिए की जा रही है कि गठबंधन की घोषणा देर से होने की वजह से दोनों ही दलों के कार्यकर्ताओं में आपस में तालमेल नहीं बैठ पा रहा है। यही वजह है कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव कई साझा रैली और रोड शो कर रहे हैं। इसी क्रम में प्रियंका और डिंपल भी 3 चरण में साझा प्रचार करती नजर आएंगी। 

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें