उपचुनाव के बीच ओम प्रकाश राजभर का सपा प्रमुख पर हमला कहा - पिता की विरासत बचा ले अखिलेश वहीं सपा की कामयाबी

punjabkesari.in Monday, Dec 05, 2022 - 05:12 PM (IST)

लखनऊ (अश्वनी सिंह) : उत्तर प्रदेश में लोकसभा व 2 विधानसभा सीटों पर 5 दिसंबर को हो रहे उपचुनाव के बीच सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा है। पंजाब केसरी से बात करते हुए राजभर ने कहा कि सपा प्रमुख अपने पिता की विरासत बचा ले वहीं सपा के लिए बहुत बड़ी बात होगी। पूरे उत्तर प्रदेश ने देखा है कि कैसे सपा की सरकार ने गुंडई के बल पर कितनों को ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य व चेयरमैन बनाया है। 2012 के कन्नौज लोकसभा उपचुनाव में डिंपल कैसे लोकसभा पहुंची सभी जानते है।

पिता की विरासत बचा ले अखिलेश बड़ी बात
उत्तर प्रदेश विधानसभा की शीतकालीन सत्र में शामिल होने के बाद सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने पंजाब केसरी से बात करते हुए सपा पर जोरदार हमला बोला उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में होने वाले उपचुनाव में सपा प्रमुख अखिलेश यादव अपने पिता की विरासत बचा ले जाते है तो बड़ी बात होगी। हम सबने देखा है कि कैसे सपा के सरकार में गरीबों को चुनाव लड़ने से रोका जाता था। सपा सरकार ने गरीबों का पर्चा रद्द करवा दिया था। जो गरीब कमजोर उनके सामने चुनाव लड़ने की हिम्मत करता था उसे उठवा लिया जाता था। 2012 में यूपी में सपा की सरकार बनने के बाद अखिलेश यादव के CM बनने के बाद उनके कन्नौज की सीट पर उपचुनाव में कैसे डिंपल को निर्विरोध लोकसभा पहुंचाया गया था सबने देखा है। ये सब सपा ने सरकार के दम पर किया था। जो रास्ता उन्होंने दिखाया है। अब दूसरा उस पर चल रहा है तो उन्हें दिक्कत क्यों हो रही है ?

पत्नी के कारण प्रचार किया
उपचुनावों में अखिलेश यादव के प्रचार को लेकर जब पंजाब केसरी के संवाददाता ने उनसे सवाल किया तो उन्होंने कहा कि आप ही बताइए अगर पत्नी के जगह चचेरे भाई धर्मेंद्र चुनाव लड़ रहे होते तो अखिलेश प्रचार के लिए उतरते। वह तो पत्नी चुनाव लड़ रही है। इसलिए वह गांव-गांव जाकर वोट मांग रहे है। नहीं तो रामपुर और खतौली में कितना गांव में घूमे है ये सब देख रहे है। बस नाम करने के लिए एक दिन चले गए और हो गया प्रचार यहां तो प्रचार करने के लिए बीबी ने मजबूर किया तो कर रहे है। अगर बीबी न होती तो निकलते भी नहीं।

समान शिक्षा की करेंगे मांग
पंजाब केसरी संवाददाता अश्वनी सिंह ने जब सुभासपा प्रमुख से विधानसभा सत्र के दौरान उनकी पार्टी की मांग के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी सत्र के दौरान सरकार से महंगाई, गरीबी व सबके लिए समान शिक्षा व जातिगत जनगणना को लेकर सवाल करेंगी। सरकार ने गरीबों को मुफ्त राशन व फ्री बिजली कनेक्शन देकर उनका मन तो बिगाड़ दिया और अब उनके बिजली बिल न भरने पर उनका कनेक्शन काटा जा रहा है।  







      

Content Editor

Prashant Tiwari