लॉकडाउन के बीच अनोखी शादी ने पेश की मिसाल, भोजन की व्यवस्था बनी चर्चा का विषय

punjabkesari.in Saturday, May 30, 2020 - 07:21 PM (IST)

एटाः कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा उत्तर प्रदेश में गहराता जा रहा है। लिहाजा देशव्यापी लॉकडाउन का चौथा चरण चल रहा है। इसी बीच कई लोगों द्वारा लापरवाही का मामला भी सामने आ रहा है तो वहीं महज 11 लोगों के बीच शादी समारोह को संपन्न कराके के एटा के परिवार ने मिसाल पेश की है।

बता दें कि अलीगढ़ जनपद के थाना गांधी पार्क के मोहल्ला अवतार नगर में रहने वाले रवि यादव पुत्र रामवीर यादव की शादी 29 मई को तय हुई थी। लड़के के पिता ने मात्र 5 लोगों का पास बनवाकर एटा थाना कोतवाली नगर निवासी संतोष यादव की पुत्री नीतू यादव के साथ शादी की रस्में पूरी कराई। शादी सम्पन्न हुई और विदा करवा कर अपने ग्राम अवतार नगर वापस आ गए। शादी में 6 घराती और 5 बराती शामिल हुए।

11 लोगों के भोजन के लिए..21 रसगुल्ले, 101 पुड़ियां और 11 कटोरी सब्जी की थी व्यवस्था
दिलचस्प ये रहा कि वधू पक्ष से भोजन की जो व्यवस्था की गई थी, उसमें भी खाना खराब न हो, इसका पूरा ध्यान रखा गया। सभी 11 लोगों के भोजन के लिए 21 रसगुल्ले और 101 पूड़ियां और 11 कटोरी सब्जी की व्यवस्था की गई थी। यही नहीं दोनों पक्ष के लोगों ने शादी में खर्च होने वाले पैसों में से 50 हजार रुपये असहाय लोगों को सेनेटाइजर, मास्क, राशन बांटकर उनकी मदद भी की है।

वहीं इस संबंध में विवाहित जोड़े ने कहा कि हमलोगों ने लॉकडाउन का पालन करते हुए शादी की है। यह भी जीवन में एक यादगार पहचान बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि अगर कोरोना जैसी महामारी से बचना है, तो लॉकडाउन के नियमों का पालन अवश्य करें। देश को इस महामारी से बचाएं घर पर रहें। सुरक्षित रहें। यही सबसे सही और अच्छा रास्ता है।

Author

Moulshree Tripathi