ओवरटेक की एक कोशिश… और हाईवे पर मच गई चीख-पुकार, खत्म हो गई तीन जिंदगियां
punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 08:12 PM (IST)
संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले के धनारी थाना क्षेत्र में आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव उधरनपुर अजमतनगर और मझोला मंदिर के बीच अर्टिगा कार और टेंपो की आमने-सामने भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कुछ सेकंड की गलती ने ले ली तीन जिंदगियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो बबराला से धनारी की ओर आ रहा था, जबकि अर्टिगा कार बहजोई से बबराला की तरफ जा रही थी। इसी दौरान कार चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रहे टेंपो से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। टेंपो में सवार बहजोई थाना क्षेत्र के कई लोग इस दुर्घटना का शिकार हुए। घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई ले जाया गया। डॉक्टरों ने मानकपुर निवासी किशोरी लाल (40), सलोनी (पुत्री ओमपाल) और एक अज्ञात महिला को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान नियंत्रण खोना रही। साथ ही यह भी सामने आया है कि टेंपो में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई गई थीं, जिससे नुकसान और बढ़ गया।
नौ लोग घायल
मामले की जानकारी देते हुए डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में एक मासूम बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हुई है और नौ लोग घायल हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

