राज्यपाल आनंदीबेन ने अरूण जेटली के निधन पर व्यक्त किया दु:ख

punjabkesari.in Saturday, Aug 24, 2019 - 02:47 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने पूर्व केन्द्रीय वित्तमंत्री एवं उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य अरूण जेटली के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। पटेल ने अपने शोक संदेश में कहा है कि स्वर्गीय अरूण जेटली एक कुशल अधिवक्ता एव राजनेता थे। उन्होंने अनेक भूमिकाओं में देश की सेवा की है। विधि एवं संसदीय परम्परा के उत्कृष्ट ज्ञान एवं अपनी विद्वता के कारण उन्होंने विशिष्ट पहचान बनाई थी।

राज्यपाल ने कहा कि जेटली के निधन से भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करने की कामना करते हुये दु:खी परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
 

Tamanna Bhardwaj