ठगी का अनोखा मामला: ऑनलाइन मंगाया एंड्रॉयड डिवाइस, कूरियर खोला तो निकला गोबर

punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 10:29 AM (IST)

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा से ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर धोखाधड़ी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां दनकौर थाना क्षेत्र में एक युवक ने पूरी कीमत चुकाकर ऑनलाइन एंड्रॉयड डिवाइस मंगवाया था। लेकिन जब तय समय पर कूरियर का पैकेट उसके घर पहुंचा, तो डिब्बा खोलते ही युवक के होश उड़ गए। डिवाइस की जगह पैकेट के अंदर गोबर भरा हुआ था।

मिली जानकारी के अनुसार, दनकौर के रहने वाले आकाश नागर ने कुछ दिन पहले एक वेबसाइट के जरिए एंड्रॉयड डिवाइस ऑर्डर किया था। बुकिंग के दौरान ही उन्होंने डिजिटल पेमेंट के माध्यम से प्रोडक्ट की पूरी रकम जमा कर दी थी। सोमवार शाम करीब 5 बजे कूरियर बॉय पैकेट देकर चला गया। आकाश ने जैसे ही उत्साह में पैकेट की सील तोड़ी, अंदर का नजारा देखकर वह दंग रह गए। जिस कीमती डिवाइस के पैसे उन्होंने चुकाए थे, वह गायब था और पैकेट में केवल गोबर भरा था। खुद को ठगा महसूस करने के बाद पीड़ित ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी और सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई।

ये भी पढ़ें:- पुलिस चौकी में हड़कंप: टॉयलेट जाने के बहाने युवक ने पिया टॉयलेट क्लीनर, दारोगा निलंबित

शिकायत मिलते ही दनकौर थाना पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस अब उस वेबसाइट के क्रेडेंशियल्स, पेमेंट गेटवे के ब्योरे और कूरियर डिलीवरी चेन की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस तरह की घटनाएं ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान बरतने वाली सावधानियों पर बड़ा सवाल खड़ा करती हैं। साइबर जानकारों का कहना है कि किसी भी अनजान या थर्ड-पार्टी वेबसाइट से खरीदारी करने से बचना चाहिए। ऑर्डर करने से पहले कंपनी की क्रेडिबिलिटी, कस्टमर रिव्यू और पेमेंट से जुड़ी शर्तों को अच्छी तरह जांच लेना बेहद जरूरी है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है, और जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह धोखाधड़ी वेबसाइट के स्तर पर हुई या फिर कूरियर डिलीवरी के दौरान पैकेट से छेड़छाड़ की गई थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static