अनिल राजभर बोले, सपा अध्यक्ष के इशारे पर रामचरित मानस पर दिया गया विवादित बयान

punjabkesari.in Tuesday, Feb 07, 2023 - 08:02 PM (IST)

गोंडा: उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने मंगलवार को सकिर्ट हाउस में कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव दिग्भ्रमित और उनकी पूरी पार्टी ढोंगी है। राजभर ने आज यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुये सपा पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि  स्वामी प्रसाद मौर्य का बयान भी पार्टी प्रायोजित है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मौर्य से सपा अध्यक्ष यादव के इशारे पर जानबूझ कर बयान दिलवाया गया है।

 उन्होंने कहा कि मंदिर जाने से यादव को कोई नहीं रोक रहा। पार्टी अध्यक्ष किसानों, नौजवानों और विकास की बात करने के बजाय जानबूझ कर केवल आमजन का ध्यान भटकाने के लिये अनर्गल बयानबाजी कर रहे है। राजभर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर दिये गये बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि आसमान पर थूकने वालों हश्र बुरा होता है।

गांधी जनभावनाओं का आदर करना सीख लें , ये उनके और उनकी पार्टी के लिये हितकारी होगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश के उत्तरोतर विकास का दावा करते हुये कहा कि निवेशकों के समर्थन मिलने के कारण आज प्रदेश सरकार ने ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का बजट पचीस लाख करोड़ रुपए कर दिया। ये बात कांग्रेस नेता गांधी को समझ में नहीं आ रही। उन्होंने कहा कि रामायण श्रद्धा, संस्कृति का दुनिया में सर्वाधिक पढ़ा जाने वाला ग्रंथ है। राजभर ने कहा कि रामायण या रामचरित मानस को राजनीति में घसीटना नहीं चाहिए वरना राजनीति का अस्तित्व समाप्त हो जायेगा। जिले के प्रभारी मंत्री ने आज आम बजट पर आयोजित प्रबुद्धजन संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जारी बजट गरीब, वंचित, निचले, मध्यम और उच्च समेत सभी वर्गों के लिये लाभदायक और हितकारी है। 

Content Writer

Ramkesh