बुलंदशहर हिंसा: योगेश राज के बाद एक और आरोपी शिखर का वीडियो वायरल

punjabkesari.in Thursday, Dec 06, 2018 - 12:14 PM (IST)

बुलंदशहर: बुलंदशहर हिंसा के मुख्य आरोपी योगेश राज के बाद एक और आरोपी ने अपना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है। वीडियो में आरोपी शिखर अग्रवाल ने मृतक इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

आरोपी शिखर ने मृतक इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह पर पैसे लेकर पशु कटान करवाने का आरोप लगाया है। शिखर ने स्याना एसडीएम को भी इस घटना में राजदार बताया। उसने कहा कि एसडीएम को इस प्रकरण की पूरी जानकारी पहले से थी। लगभग 3 मिनट के इस वीडियो में वह अपने आप को निर्दोष बता रहा है। बता दें कि, आरोपी शिखर बीजेपी युवा मोर्चा का स्याना से नगर अध्यक्ष है और अलीगढ़ से मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है।

इससे पहले योगेश राज ने सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि वह बेगुनाह है। इस हिंसा से उसका कोई लेना देना नही है। बजरंग दल के नेता गौ कटान के आरोपियों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने गए थे। उन्हें तो थाने में गोली चलने और इंस्पेक्टर सुबोध के साथ युवक सुमित को गोली लगने की सूचना मिली थी। हमारा कोई कसूर नहीं हैं। इस मामले की जांच में बजरंग दल पूरा सहयोग देने को तैयार है। बशर्त पुलिस निष्पक्ष होकर जांच करें और बेकसूरों को गिरफ्तार ना करे।
 

Deepika Rajput