एंटी करप्शन की टीम ने SI को घूस लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Jan 08, 2020 - 01:51 PM (IST)

संभल: उत्तर प्रदेश के जनपद संभल के थाना नखासा में तैनात एसआई चरण सिंह को एंटी करप्शन की टीम ने 25 हज़ार की घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। जिसमें बताया कि चरण सिंह थाना नखासा में बीते महीने दर्ज़ हुए दहेज अधिनियम के मुकदमे में आरोपियों के नाम निकलवाने के एवज में 50 हज़ार की मांग कर रहे थे। जिसमें की 25000 नगद राशि के साथ एंटी करप्शन की टीम ने आरोपी एसआई चरण सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पूरा मामला थाना नखासा क्षेत्र का है। जहां करीब महीनेभर पहले एक मुकदमा दहेज अधिनियम को लेकर दर्ज किया गया था। जिसमें विवेचक एसआई चरण सिंह 6 आरोपियों के नाम मुकदमे से निकालने के एवज में 50 हज़ार रुपए की मांग कर रहे थे। आरोपी एसआई की सूचना महिला के ससुर (आरोपी पक्ष) ने भ्रष्टाचार अधिनियम में दी। जिसके बाद एंटी करप्शन की टीम ने प्लान बनाया और उसी प्लान के तहत 25 हज़ार की रिश्वत लेते रंगे हाथों एसआई चरण सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन की टीम आरोपी एसआई को अपने साथ थाना हयातनगर लेकर पहुंची जहां पर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

वहीं इससे करीब महीने भर पहले ही चंदौसी कोतवाली क्षेत्र से भी एंटी करप्शन की टीम ने क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर को भी 40 हज़ार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। लगातार महीने भर के भीतर दूसरे मामले से स्पष्ट होता है कि पुलिस महकमा कितना भ्रष्ट हो चुका है। जो कि मुकदमों से नाम निकालने के नाम पर लोगों से मोटी रकम वसूल रहा है। सवाल उठता है की इसकी जानकारी जिले के उच्च अधिकारिओं को होती है या फिर बात कुछ और है।

एंटी करप्शन प्रभारी निरीक्षक अब्दुल रज़्ज़ाक ने बताया कि एक शिकायतकर्ता थे कलुआ पुत्र हीरालाल निवासी सैदपुर जसकोली। उन्होंने भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद इकाई में प्रार्थना पत्र दिया। उनके परिवार, उनके लड़के, पत्नी आदि 8 लोगों के विरूद्ध उनकी पुत्र वधू हेमलता ने मुकदमा संख्या 607/2019 धारा 498a, 376, 307, 504, 323 आईपीसी व दहेज अधिनियम दर्ज कराया है। जिसमें एसआई चरण सिंह विवेचना कर रहे हैं। जो गंभीर धाराओं को हटाने के लिए और 6 मुनजिमों का नाम निकालने के लिए 25 हजार की रिश्वत ले चुके हैं। साथ ही 25 हजार की और मांग कर रहे हैं। जिसमें कार्रवाई करते हुए मंगलवार को हमारी टीम ने एसआई को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

शिकायतकर्ता आरोपी पक्ष कलुआ ने बताया कि दरोगा जी 25 हजार लेने के लिए मंगलवार को हमे बुलाए थे। जिसमें मै यहां उन्हें पैसा देने के लिए आया था। जैसे ही हम पैसे देने के लिए दरोगा को गए तुरंत ही एंटी करप्शन टीम ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

 

 

Tamanna Bhardwaj