Anurag Thakur ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- प्रियंका को कांग्रेस शासित राज्यों में महिलाओं के खिलाफ नहीं दिखता अपराध

punjabkesari.in Wednesday, Jan 04, 2023 - 12:13 PM (IST)

लखनऊ: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर Anurag Thakur ने कहा कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने 2022 के उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले महिला केंद्रित नारा दिया था, लेकिन जब कांग्रेस शासित राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं होती हैं तो वह कभी दिखाई नहीं देती हैं। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का हर सहयोगी दल उसे छोड़ रहा है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘उप्र विधानसभा चुनाव से पहले प्रियंका जी ने 'बेटी हूं, लड़ सकती हूं' का नारा दिया था। लेकिन, जब कांग्रेस शासित राजस्थान और अन्य राज्यों में महिलाओं के खिलाफ बलात्कार, हत्या और अपहरण जैसे अपराध होते हैं, तो वह कहीं नहीं दिखती हैं..किस बेटी के अधिकार के लिए वह आवाज उठाना चाहती हैं?”



उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' में शामिल न होने संबंधी सवाल पर पर ठाकुर ने कहा कि हर राजनीतिक दल एक-एक करके कांग्रेस छोड़ रहा है। भाजपा नेता ने कहा, ‘‘कोई भी 'हाथ' (कांग्रेस का चुनाव चिह्न) पकड़ने को तैयार नहीं है। जो दल कभी कांग्रेस के सहयोगी रहे हैं, वे उस पार्टी के साथ गठबंधन करने के लिए तैयार नहीं हैं।'' गुजरात में 2036 में ओलंपिक आयोजित करने के भाजपा के उद्देश्य के बारे में पूछे जाने पर खेल और युवा मामलों के मंत्री ठाकुर ने कहा, ‘‘मोदी है तो मुमकिन है।



बता दें कि कांग्रेस कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' पूरे जोश और उत्साह के साथ आज सुबह बागपत के मवीकला से शुरु हो गई। ठीक 6:00 बजे इस यात्रा का नेतृत्व राहुल गांधी सबसे आगे करते हुए चल रहे थे। उनके साथ कांग्रेस के दिग्गज नेता भी मौजूद रहे। बेहद कड़े सुरक्षा इंतजाम और सुरक्षा घेरे में राहुल गांधी हॉफ टीशर्ट में तेजी से चलते हुए दिखाई दिए। अंधेरे में ही यह यात्रा शुरू हो गई थी जिस कारण कुछ गांव के लोग तो राहुल गांधी का दीदार भी नहीं कर सके। जैसे ही हल्का उजाला हुआ, राहुल गांधी की झलक पाने के लिए सड़कों किनारे, मकानों की छत पर लोग बेकरार दिखाई दिए। मवीकला से शुरू होकर यह यात्रा काठा, पाली होते हुए बागपत राष्ट्र वंदना चौक पहुंची। इसके बाद यह यात्रा सिसाना, गौरीपुर होते हुए गुफा वाले मंदिर पहुंची। जगह-जगह फूलों की वर्षा, आतिशबाजी कर राहुल गांधी व यात्रा का स्वागत किया गया। चारों ओर राहुल गांधी जिंदाबाद, भारत जोड़ो, भारत जोड़ो के नारे गूंज रहे थे।

ये भी पढ़ें   राहुल गांधी के समर्थन में उतरे Ram Mandir न्यास के सचिव चंपत राय!, कहा- RSS कभी ‘भारत जोड़ो यात्रा' की निंदा नहीं करता

 

Content Writer

Ramkesh