‘बड़े नेता कहेंगे तो जरूर लड़ूंगी चुनाव...’, मैनपुरी से डिंपल के खिलाफ चुनाव लड़ने पर BJP नेता अपर्णा यादव ने तोड़ी चुप्पी

punjabkesari.in Friday, Apr 05, 2024 - 01:52 AM (IST)

Lucknow News: समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता अपर्णा यादव ने गुरुवार को मैनपुरी से चुनाव लड़ने पर अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने जेठानी डिंपल यादव के खिलाफ चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि बड़े नेता कहेंगे तो जरूर लड़ूंगी। राहुल और प्रियंका के अमेठी रायबरेली से चुनाव लड़ने पर कहा कि वे हमेशा झूठ और लोगों को गुमराह करने की बातें करते हैं। ये लड़ने की परिस्थिति में नहीं हैं। अमेठी और रायबरेली भी भाजपा जीतेगी।

भाजपा महिलाओं का सम्मान करती है: अपर्णा यादव
बता दें कि अपर्णा यादव ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला का भी हालिया बयान इसी का नतीजा है। महिलाओं का अपमान करना कांग्रेस के डीएन में है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति का अपमान करने वाले दुर्योधन का भी अंत हो गया था कांग्रेस क्या चीज है। कांग्रेस का भी हश्र ऐसा ही होगा। भाजपा महिलाओं का सम्मान करती है। उन्होंने चुनाव आयोग से अपील की है कि इनकी टिप्पणी का संज्ञान लेते हुए सुरजेवाला के खिलाफ कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई नेता इस तरह के बयान देते आए हैं।

हेमा मालिनी पर सुरजेवाला ने की अभद्र टिप्पणी
गौरतलब है कि सुरजेवाला ने हरियाणा के कैथल में एक जनसभा में कहा था कि विधायक-सांसद चुने जाते हैं विकास करने के लिए। हेमा मालिनी को क्यों लाया जाए ताकने के लिए। सुरजेवाला का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसको लेकर भाजपा आक्रामक है।

Content Editor

Mamta Yadav