उन्नाव रेप केस: आरोपी विधायक कुलदीप सेंगर के सभी हथियारों के लाइसेंस रद्द

punjabkesari.in Saturday, Aug 03, 2019 - 09:56 AM (IST)

उन्नावः बीजेपी से निष्काषित और सीतापुर जेल में बंद विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के तीनों शस्त्र लाइसेंसों को निरस्त कर दिया गया है। जिला मजिस्ट्रेट देवेंद्र कुमार पांडेय ने विधायक के तीनों शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने का आदेश जारी किया। विधायक के पास एक नाली बंदूक, राइफल और रिवाल्वर है। उन्नाव रेप पीड़िता के सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद कुलदीप सेंगर के खिलाफ जिला प्रशासन ने शिकंजा कसा है।

दुष्कर्म पीड़िता के पिता की हत्या के बाद सीबीआई की गिरफ्त में आने पर विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के सभी शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई थी। तत्कालीन जिलाधिकारी के तबादले के बाद प्रक्रिया ठंडे बस्ते में चली गई। पीड़ित पक्ष ने विधायक के शस्त्र लाइसेंस रद्द करने की मांग की थी। जिला मजिस्ट्रेट की अदालत ने शुक्रवार को अंतिम सुनवाई कर शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया।

गत वर्ष विधायक की गिरफ्तारी के बाद से ही तत्कालीन पुलिस अधीक्षक ने जिलाधिकारी को लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट भेजी थी। लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई न्यायिक प्रक्रिया के तहत होती है। मामले की सुनवाई जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय में चल रही थी। जिला मजिस्ट्रेट देवेंद्र कुमार पांडेय बताया कि कुलदीप सिंह सेंगर के तीनों शस्त्र लाइसेंस शुक्रवार को निरस्त कर दिए गए हैं।

गौरतलब है कि, बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर करीब 2 साल पहले रेप का आरोप लगाने वाली लड़की, उसकी चाची और मौसी अपने वकील के साथ रायबरेली जेल में बंद अपने रिश्तेदार महेश सिंह से मुलाकात करने जा रही थी। रास्ते में रायबरेली के गुरबख्श गंज क्षेत्र में उनकी कार और एक ट्रक के बीच संदिग्ध परिस्थितियों में टक्कर हो गई। इस घटना में लड़की की मौसी ने स्थानीय अस्पताल में दम तोड़ दिया था।
 

Deepika Rajput