ट्रेन में सेना के जवान ने किशोरी के साथ की छेड़छाड़, मामला दर्ज

punjabkesari.in Sunday, Nov 04, 2018 - 05:59 PM (IST)

चंदौलीः भारतीय रेल का सफर दिनों दिन दहशत का सफर बनता जा रहा है​​।​ ​देश की शान समझी जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनों में अपने परिजनों के साथ यात्रा कर रही महिलाएं भी सुरक्षित नहीं रह गई हैं​।​ ताज़ा मामला रांची राजधानी का है। जिसमें एक शर्मशार करने वाली घटना सामने आयी है। सफर के दौरान ​राजधानी एक्सप्रेस में किशोरी के साथ ​सेना के जवान द्वारा ​छेड़खानी का मामला सामने आया।

अपने परिजनों के साथ यात्रा कर रही किशोरी के साथ उसी कोच में यात्रा कर रहे एक फौजी ने आधी रात को ​शराब के नशे में ​किशोरी के साथ छेड़छाड़ कर दी। आरोपी गुरमीत सिंह पंजाब के अमृतसर का रहने वाला है और इसकी पोस्टिंग आर्मी की 118 बटालियन रांची में है।​ ​चलती ट्रेन में छेड़खानी की घटना से सहमी लड़की ने घटना के बारे में अपने परिजनों को बताया​। ​इसके बाद लड़की के पिता ने मामले की शिकायत ट्रेन के साथ चल रहे आरपीएफ एस्कॉर्ट से की।

ट्रेन के ​पंडित ​दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचने पर पीड़ित लड़की के पिता ​ने जीआरपी को तहरीर दिया। जिस पर कार्रवाई करते हुए जीआरपी ने आरोपी ​सेना के जवान ​को गिरफ्तार कर लिया​। वहीं मामले में आवश्यक कार्रवाई कर केस को गया जीआरपी को सौंपा जा रहा है। साथ ही आरोपी सेना के जवान को जेल भेजा जा रहा है। 

Tamanna Bhardwaj