बॉर्डर पर पकड़ा गया संदिग्ध विदेशी नागरिक, जाली दस्तावेजों के सहारे जा रहा था नेपाल

punjabkesari.in Sunday, Jan 14, 2018 - 01:58 PM (IST)

महाराजगंज: उत्तर प्रदेश में महाराजगंज जिले से मध्य अफ्रीकी गणराज्य के एक नागरिक को जाली दस्तावेजों के सहारे नेपाल सीमा में घुसने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आव्रजन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक शनिवार की शाम को मध्य अफ्रीकी गणराज्य के नागरिक को गिरफ्तार किया गया।

सोनौली चौकी के आव्रजन अधिकारी तेज प्रताप मौर्य ने बताया कि बिसमरक बाकुबा गिटरेम्बी (32) नामक यह व्यक्ति मध्य अफ्रीकी गणराज्य का रहने वाला है। वह दिल्ली से नेपाल के रास्ते जाने की फिराक में था, लेकिन सोनौली चौकी पर जांच के दौरान इस व्यक्ति के वीजा कागजात जाली पाए गए।

भारत और नेपाल सरहद पर सोनौली चौकी स्थित है और यह भारत नेपाल सीमा पर जांच प्वाइंट है। उन्होंने बताया कि विदेशी नागरिक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 419 और 420 तथा विदेशी अधिनियम की धारा 14 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है तथा खुफिया विभाग के अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं।