पितृपक्ष में महिलाओं ने किया तर्पण और पिंडदान

punjabkesari.in Sunday, Oct 04, 2015 - 04:14 PM (IST)

कानपुर:  उत्तर प्रदेश में कानपुर के सरसैय्या घाट पर आज 20 से अधिक महिलाओं ने वैदिक रीति रिवाज के अनुसार अपने पूर्वजों को पिंड अर्पित किए और स्नान अर्घ्य आदि देकर उनकी आत्माओं की शान्ति और मुक्ति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। युग दधिची देहदान अभियान और बेटी बचाओ अभियान संस्था की ओर से किए गए इस आयोजन में महिलाओं और लड़कियों ने अपने माता पिता,भाई, पति और पूर्वजों का श्राद्ध किया।

इस श्राद्ध और तर्पण में उन्ही महिलाओं और लड़कियों ने भाग लिया जिनके घर परिवार में श्राद्ध करने के लिए कोई भी पुरुष नहीं बचा है। तर्पण करने वाली महिलाओं मे से अधिसंय का कहना था कि जब माता गौरी को जनेऊ अर्पित किया जा सकता है तो आज के पुरुष प्रधान समाज में वह अपने पूर्वजों और पुरखों का तर्पण और पिंडदान भी कर सकती हैं। इस आयोजन की यह भी विशेषता थी कि इसमें प्रतिष्ठित घरों की महिलाओं और लड़कियों ने भी आगे आकर श्राद्ध कर्म को फलीभूत किया था।