प्रयागराज में कुंभ 2019 से पहले दीवारों पर सजने लगीं कलाकृतियां

punjabkesari.in Sunday, Nov 11, 2018 - 05:28 PM (IST)

प्रयागराज: संगम नगरी प्रयागराज में भव्य और दिव्य कुंभ 2019 के लिए 'पेंट माय सिटी' के तहत नगर की सूरत और सीरत को बदलने की मुहिम शुरू हो गई है। 'पेंट माय सिटी' मुहिम के तहत प्रयागराज की दीवारों पर साहित्यिक, धार्मिक और ऐतिहासिक घटनाओं को चित्रों के माध्यम से उकेरा जा रहा है।

इस अभियान के तहत नैनी रेलवे स्टेशन, त्रिवेणी पुष्प के अलावा सभी सरकारी, अर्ध सरकारी समेत कई निजी इमारतों की दीवारों पर भी कृतियों को उकेरने का कार्य किया जा रहा है। नैनी केंद्रीय कारागार की बाहरी दीवारों पर बनने वाली पेंटिंग सबसे ज्यादा लंबी, ऊंची और ऐतिहासिक होगी। केंद्रीय कारागार की दीवार पर समुद्र मंथन की कृतियां उकेरी जा रही हैं। 

केंद्रीय कारागार के मुख्य गेट से शुरू होने वाली इस पेंटिंग का पहला पैनल देवासुर संग्राम पर आधारित होगा जिसे फिलहाल पेंट किया जा रहा है। इसके बाद दूसरे पैनल में देवताओं की हार और तीसरे पैनल में भगवान विष्णु से देवताओं की विनती और चौथे पैनल में समुद्र मंथन का चित्र उकेरा जाएगा। इलाहाबाद रेलवे जंक्शन पर साधु-महात्मा, श्रद्धालुओं की कृतियां उकेरी जा चुकी हैं।

कृतियों के माध्यम से पूरे शहर को एक नया रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। केंद्र और प्रदेश सरकार कुंभ के दौरान यहां पहुंचने वाले देश विदेश से करोड़ों श्रद्धालु और पर्यटकों के मन मस्तिष्क में दिव्य और भव्य कुंभ की ऐसी अद्भुत नजारा अंकित कर देना चाहती जो लम्बे समय तक उनके लिए एक यादगार बना रहे।

Deepika Rajput