कांग्रेस के दिग्गज नेता का अचानक निधन, 85 वर्ष में ली अंतिम सांस, राहुल गांधी ने जताई शोक संवेदना
punjabkesari.in Tuesday, Apr 21, 2026 - 12:56 PM (IST)
जौनपुर/लखनऊ : उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अरुण कुमार सिंह 'मुन्ना' का निधन हो गया। वह 85 वर्ष के थे। सिंह के परिजनों ने यह जानकारी दी। उनके निधन पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शोकाकुल परिवार के साथ अपनी गहरी संवेदना जताई है। सिंह के परिजनों ने बताया कि सोमवार शाम प्रयागराज के अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। जौनपुर जिले के मुंगराबादशाहपुर ब्लॉक के रामनगर गांव के मूल निवासी सिंह काफी दिनों से अस्वस्थ थे परिजनों ने बताया कि अंतिम समय मे वह गांव मे ही रह रहे थे।
उन्होंने बताया कि तीन दिन पूर्व उनकी तबीयत अधिक खराब हुई जिसके कारण उन्हें प्रयागराज के जार्ज टाउन के नंदिनी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार अपराह्न उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका शव रामनगर गांव लाया गया है। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। सिंह ने 70 के दशक में राजनीति की शुरुआत की और वह पहले इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष के रूप में लोगों के बीच लोकप्रिय रहे। बाद में संजय गांधी से प्रेरित होकर वह कांग्रेस में शामिल हुए। बाद में 1977 में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बने। सिंह 1982 में विधान परिषद के सदस्य चुने गए। तत्कालीन मुख्यमंत्री श्रीपति मिश्र के मंत्रिमंडल में पहली बार सहकारिता मंत्री बने। बाद की कांग्रेस सरकारों में भी वह मंत्री रहे।
इसके बाद 1989 में जौनपुर के रारी सीट से कांग्रेस पार्टी की टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए। कांग्रेस ने 1998 में जौनपुर सदर से उन्हें लोकसभा का प्रत्याशी बनाया पर वह हार गए। जुलाई 2002 में कांग्रेस ने उन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया जिसमें 30 मई 2003 तक पद पर रहे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 'एक्स' पर एक शोक संदेश में कहा, ''उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता अरुण कुमार सिंह 'मुन्ना' जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है।'' राहुल ने कहा, ''उन्होंने अपना पूरा जीवन जनसेवा और कांग्रेस पार्टी के मूल्यों के प्रति समर्पित किया। इस दुख की घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल परिजनों और समर्थकों के साथ हैं।''

