स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने वाले आशुतोष महाराज पर ट्रेन में हमला; नाक काटने का हुआ प्रयास

punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2026 - 12:26 PM (IST)

प्रयागराज: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ बटुकों से यौन शोषण के आरोप में मुकदमा दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर रविवार की सुबह सिराथू स्टेशन पर एक अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर हमला कर दिया। इस हमले में आशुतोष महाराज घायल हो गए। उन्होंने ट्रेन के टॉयलेट में खुद को बंद कर किसी तरह अपनी जान बचाई।

जानिए पूरी घटना 
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अधिकारी ने बताया कि आशुतोष महाराज का आरोप है कि वह रीवा एक्सप्रेस ट्रेन से प्रयागराज आ रहे थे, तभी सुबह ट्रेन के सिराथू स्टेशन के पास पहुंचने पर जब वह ट्रेन के शौचालय की ओर गए, इसी दौरान एक व्यक्ति ने उस्तरा से उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि आशुतोष महाराज का काल्विन अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है जिसके आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। साथ ही घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। जीआरपी अधिकारी ने कहा कि विवेचना के आधार पर अगली विधिक कार्रवाई की जाएगी। 

आशुतोष ब्रह्मचारी ने क्या कहा? 
आशुतोष ब्रह्मचारी ने इस हमले को साजिश बताते हुए शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके सहयोगियों पर संदेह जताया है। उन्होंने प्रयागराज जीआरपी में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static