विधानसभा चुनाव 2022ः यूपी में साथ मिलकर लड़ेंगे सपा और महान दल

punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2020 - 12:26 PM (IST)

लखनऊः  समाजवादी पार्टी  के अध्यक्ष अखिलेश यादव से सोमवार को महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने भेंट की। दोनों नेताओं के बीच प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा के दौरान इस बात पर सहमति बनी कि वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव अखिलेश यादव के नेतृत्व में साथ मिलकर लड़ा जाएगा। 

सपा मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने यहां बताया कि सपा और महान दल राज्य में वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे। उन्होंने बताया कि दोनों दलों द्वारा मिलकर सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने का भी निश्चय किया गया। महान दल समाजवादी सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेगा।

इस अवसर पर मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार में शाक्य, सैनी, कुशवाहा, मौर्य समाज के साथ अन्याय हो रहा है। महान दल इस समाज के हितों के लिए संघर्ष करता रहा है। पीड़ित समाज को भाजपा सरकार से न्याय मिलने की कतई उम्मीद नहीं है। इसलिए उक्त समाज का भरोसा अखिलेश यादव पर है कि वे उनके हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़े रहेंगे।       

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के एकाधिकारवादी और विकास विरोधी शासन को जनता वर्ष 2022 में करारा जवाब देने का इंतजार कर रही है। समाजवादी सरकार में सामाजिक न्याय के आधार पर प्रतिनिधित्व मिलेगा। उन्होंने संकेत दिया कि महान दल को विधानसभा चुनाव के समय समझौते में शामिल किया जाएगा।       

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Moulshree Tripathi

Recommended News

Related News

static