बच्चों को सौरमंडल से रूबरू करा रही हैं विद्यालयों की खगोलीय प्रयोगशालाएं, स्कूल आने वाले बच्चों की संख्या में भी इजाफा

punjabkesari.in Sunday, Apr 10, 2022 - 01:40 PM (IST)

बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सरकारी विद्यालयों में बनाई गई खगोलीय प्रयोगशालाएं बच्चों को सौरमंडल से रूबरू करा रही हैं। इन प्रयोगशालाओं की दीवारों पर बनी तस्वीरें सौरमंडल के ग्रहों की जानकारी दे रही हैं।

जिला मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक पांडेय ने रविवार को बताया जिले में नई शिक्षा नीति 2020 से प्रेरणा लेकर 109 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में खगोलीय प्रयोगशालाओं की स्थापना की गई है। इनकी स्थापना का मकसद विद्यालयों में विज्ञान की पढ़ाई को और भी ज्यादा रोचक बनाना, उसे अनुभवात्मक बनाना, विज्ञान में रूचि लेने वाले प्रतिभावान बच्चों की पहचान करना और उस विद्यालय के इर्दगिर्द पूरे समाज में वैज्ञानिक स्वभाव को विकसित करना है। जिले के सिकंदराबाद विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय में बनाई गई खगोलीय प्रयोगशाला में तैनात शिक्षक विकास का कहना है कि इन प्रयोगशालाओं में बच्चों को अंतरिक्ष के बारे में बताया जा रहा है। ग्रहों के वजन आदि की जानकारी दी जा रही है। यहां बच्चों के अलावा ग्रामीणों को भी बुलाया जाता है। इन खगोलीय प्रयोगशालाओं की वजह से बच्चों के नामांकन में इजाफा हुआ है।

बिलसूरी के प्राथमिक विद्यालय में बनी खगोलीय प्रयोगशाला में पढ़ने वाले एक छात्र ने बताया कि उसे खगोलीय प्रयोगशाला में आना बहुत अच्छा लगता है। यहां उसे अंतरिक्ष के बारे में बहुत जानकारी मिली है। उसे टेलीस्कोप के जरिए चांद और तारे दिखाए गए हैं। एक छात्र के पिता ने बताया कि वह दो-तीन बार प्रयोगशाला में आ चुके हैं। उन्हें टेलीस्कोप के जरिए चांद और तारे दिखाए गए हैं। उन्होंने बताया कि खगोलीय प्रयोगशालाओं की स्थापना के बाद स्कूल आने वाले बच्चों की संख्या बढ़ रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static