योगी के मंत्री का आरोप- अटल की BJP पर अब गुजराती लोगों का कब्जा

punjabkesari.in Monday, Apr 22, 2019 - 09:56 AM (IST)

बलिया: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के परिवारवाद पर निशाना साधने वाली भाजपा पर गुजराती लोगों ने कब्जा कर लिया है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में दिव्यांग जन सशक्तिकरण एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री राजभर ने यहां संवाददाताओ से बातचीत में कहा कि भाजपा अब अटल जी वाली भाजपा नहीं रही। भाजपा कांग्रेस के परिवारवाद पर हमलावर रहा करती थी लेकिन अब भाजपा के लोग ही बोल रहे हैं कि पार्टी पर गुजराती लोगों ने कब्जा कर लिया है।

उन्होंने दावा किया कि आजमगढ़ लोकसभा सीट पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने भाजपा उम्मीदवार एवं भोजपुरी अभिनेता दिनेश यादव निरहुआ औंधे मुंह गिरेगा। प्रसपा नेता शिवपाल सिंह यादव के लोकसभा चुनाव के बाद बसपा के भाजपा से मिल जाने के दावे पर उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि शिवपाल तो चुनाव के पहले ही भाजपा से मिल चुके हैं। इसी कारण उनको सुरक्षा और बंगला हासिल हुआ है।

एक सवाल के जबाब में उन्होने कहा कि वह योगी सरकार से इस्तीफा नही देंगे, भाजपा उनको हटा दे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वयं को पिछड़ा वर्ग का बताने एवं बसपा मुखिया मायावती द्वारा सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को ओबीसी का वास्तविक नेता बताने के सवाल पर उन्होंने कहा कि समय बता देगा कि कौन अन्य पिछड़ा वर्ग का नेता है ।

Anil Kapoor