एटीएस को मिली बड़ी सफलता, जाली नोट गिरोह का पर्दाफाश
punjabkesari.in Friday, Jun 27, 2025 - 08:20 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश एटीएस ने जाली नोटों के गोरखधंधे का भंडाफोड़ करते हुए एक बड़े तस्कर को गिरफ्तार किया है। एटीएस ने जनपद हापुड़ के फरीदनगर से आरोपी गजेन्द्र यादव को धर दबोचा। उसके पास से ₹3.90 लाख के जाली नोट बरामद किए गए हैं।
पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी नोटों की छपाई में इस्तेमाल होने वाला विशेष कागज और उपकरण भी जुटाता था। एटीएस ने उसके पास से नोट बनाने का पेपर और अन्य जरूरी उपकरण भी जब्त कर लिए हैं।
गिरफ्तारी के बाद छानबीन में खुलासा हुआ कि जाली नोट बनाने के लिए कागज बुलंदशहर निवासी मुनेश कुमार और वीर चौधरी उपलब्ध कराते थे। आरोपी पेपर शीट्स को ऑनलाइन पोर्टल alibaba.com से मंगवाते थे।
एटीएस ने इस गिरोह के अन्य दो सदस्यों — सिद्धार्थ झा और विजय वीर चौधरी को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह काफी समय से नकली नोटों की सप्लाई में सक्रिय था और प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अपनी गतिविधियां फैला रहा था।