इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जायेगा 5 अगस्त का दिन: अश्विनी चौबे

punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2020 - 06:00 PM (IST)

अयोध्या: अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए बुधवार को किये गये भूमि-पूजन पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि पांच अगस्त का दिन इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा।

चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अयोध्या में भव्य श्री राम मंदिर का शिलान्यास सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के उत्थान का मार्ग प्रशस्त करेगा। इसके साथ ही एक नये युग की शुरुआत हुई है। भारत विश्व गुरु बनेगा।

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने श्री राम जन्मभूमि आंदोलन को याद करते हुए कहा कि 1990 में हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना के बाद गिरफ्तारी देने जाते समय लाठीचार्ज में कई आंदोलनकारी घायल हो गए थे। करोड़ों लोगों ने आंदोलन में भाग लिया था। यातनाएं झेलीं। आज सब की याद आ रही है, उनके चेहरे आंखों के सामने झलक रहे हैं। लंबे संघर्ष के बाद आज सभी का सपना साकार हुआ है। जिसका सदियों से पीढ़ी दर पीढ़ी लोग इंतजार करते आ रहे थे। पांच अगस्त को इस ऐतिहासिक पल के सभी साक्षी बनें।''

उन्होंने कहा कि इस अवसर पर चौबे ने सपरिवार अपने निवास स्थान पर भगवान राम की पूजा की। उन्होंने देशवासियों को भगवान श्री राम के भव्य मंदिर के शिलान्यास के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सबकी सुख समृद्धि और बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।

 

Author

Moulshree Tripathi