औरैया सड़क हादसाः 24 मजदूरों की लाशों ने छोड़ा सवाल आखिर कब तक जारी रहेगा मौत का सिलसिला

punjabkesari.in Saturday, May 16, 2020 - 12:54 PM (IST)

लखनऊः कोरोना के मद्देनजर लागू लॉकडाउन मानों मजदूरों के लिए काल बनकर आया है। पेट पालने के लिए निकले प्रवासी मजदूरों के संग दुर्घटनाओं का दौर खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। उत्तर प्रदेश के औरैया अपने गांव लौट रहे लोगों के साथ भीषण सड़क हादसा हुआ है। जहां मजदूरों से भरे ट्रक को डिसीएम ने टक्कर मार दी और 24 श्रमिकों की मौत हो गयी। इन 24 मजदूरों की मौत ने प्रशासन व सरकार के लिए एक सवाल छोड़ दिया कि आखिर कब तक जारी रहेगा मौतों का सिलसिला।

कोरोना संकट के चलते देशव्यापी लॉकडाउन लागू है। अन्य राज्यों में काम कर रहे मजदूरों का जब काम-धंधा बंद हो गया तो वे निकल पड़ा अपने आसियाने की ओर मगर किसे पता है कि वो अपने घर पहुंचेंगे या नहीं। पलायन कर रहे ज्यादातर मजदूर बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। लॉकडाउन की वजह से यातायात सेवाएं भी ठप हैं। वहीं पंजाब और हरियाणा से भी मजदूर पैदल ही हजारों किलोमीटर का सफर तय कर रहे हैं। इस भीषण पलायन के दौर में देश में अब तक कई मजदूर चलते-चलते रोड और ट्रेन एक्सीडेंट में मारे जा चुके हैं। यह दर्दनाक और चौंकाने वाली तस्वीरें हर दिन सामने आ रही हैं।

जालौनः सड़क हादसा 2 की मौत, 14 घायल
बता दें कि कल ही UP के जालौन में प्रवासी मजदूरों से भरी DCM गाड़ी को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि 14 मजदूर घायल हो गए थे। डीसीएम में 46 प्रवासी मजदूर सवार थे। सभी मुंबई से लौट रहे थे।

बहराइचः सड़क हादसे में 32 घायल, 1 की मौत
उत्तर प्रदेश के बहराइच फखरपुर थाना क्षेत्र के पास में कल भीषण सड़क हादसा हुआ गया। जिसमें मुंबई से लौट रहे 60 मजदूरों से भरी ट्रक अनियंत्रित होकर एक खंभे से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक में सवार 32 मजदूर घायल हो गए जबकि एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई। सभी को बहराइच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जहां पर उनका इलाज चल रहा है।

मुजफ्फरनगरः तेज रफ्तार बस ने 10 मजदूरों को रौंदा, 6 की मौत
UP के सहारनपुर हाइवे पर विगत दिनों हुए दर्दनाक सड़क हादसे को कौन भूल सकता है। पैदल पंजाब से बिहार अपने गांव लौट रहे 10 मजदूरों को तेज रफ्तार बस ने रौंद दिया बस के नीचे आने से इनमें से 6 की मौत हो गई जबकि बाकियों की हालत गंभीर है। घटना घलौली चेक पोस्ट और रोहाना टोल प्लाजा के पास की है। बुधवार देर रात जब मजदूर पंजाब से पैदल अपने घर बिहार जा रहे थे, तभी बस ने उन्हें कुचल दिया। आरोपी बस ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया।

रेलवे ट्रैक पर पड़ी रही लाशें...और रोटी
इसे दुर्घटनाओं और मौत का तमाशा ही कह सकते हैं। मामला महाराष्ट्र जिले के औरंगाबाद के जालना रेलवे लाइन का है। यहां ट्रेन की पटरी पर सो रहे 15 प्रवासी मजदूरों के ऊपर से ट्रेन गुजर गयी, जिसके चलते उनकी मौत हो गयी। इसके अलावा इस दुर्घटना में चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। ये हादसा औरंगाबाद-जालना रेलवे लाइन पर शुक्रवार सुबह 6.30 बजे के करीब का बताया जा रहा है।  रेलवे ट्रैक पड़ी उनकी लाशों के चिथड़े लाशें हजारों बदहाली को बयां कर गया।

अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक सभी 67 मजदूर बाल-बाल बचे
वहीं महोबा जिले के झांसी-मिर्जापुर हाइवे पर शुक्रवार को गुजरात से झारखंड जा रहा मजदूरों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर हाइवे किनारे पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रक पर सवार झारखंड के सभी 67 मजदूर बाल-बाल बच गए। तीन मजदूरों को मामूली चोटें आईं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

 

 

Author

Moulshree Tripathi