भ्रष्टाचार पर सख्त योगी सरकार, खाद्य आयोग के अध्यक्ष नन्द किशोर के अधिकार सीज

punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2020 - 08:48 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष नन्द किशोर यादव एवं सदस्य डॉ. इस्माईल खां को आयोग के प्राप्त समस्त शक्तियां एवं वाहन सुविधा को तात्कालिक प्रभाव से स्थगित करने का आदेश दिया है। मंगलवार देर शाम मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री योगी ने यह निर्णय, उक्त दोनों पदाधिकारियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार एवं दायित्व निर्वहन में अनियमितता की शिकायतों के संबंध में प्रचलित जांच के निष्पक्ष संपादन के उद्देश्य से लिया है। जांच का निष्कर्ष प्राप्त होने तक दोनों पदाधिकारियों की शक्तियां स्थगित रहेंगी। उल्लेखनीय है कि दोनों पदाधिकारियों के विरुद्ध राज्य सरकार को विभिन्न स्तर से ऐसी शिकायतें प्राप्त हुई थीं कि आयोग के विभिन्न पदाधिकारियों द्वारा नियमविरुद्ध ढंग से कतिपय नियुक्तियां की गईं। इसके अलावा अध्यक्ष की पात्रता न होने के बाद भी पूर्ववर्ती सरकार द्वारा उनकी नियुक्ति किये जाने सहित पदाधिकारियों के आचरण एवं कार्य व्यवहार के अनुचित होने को लेकर आरोप लगाए गए थे। आरोपितों में पूर्व सदस्य डॉ. दिनेश चन्द्र मिश्र का भी नाम है, हालांकि वह सेवानिवृत्त हो चुके हैं।

Moulshree Tripathi