आगरा: ऑटो चालक की पत्नी ने दिया एक साथ चार बच्चों को जन्म, पहले से थी 3 बच्चों की मां

punjabkesari.in Tuesday, Jun 28, 2022 - 02:07 PM (IST)

आगरा: आगरा जिले में एक ऑटो रिक्शा चालक की पत्नी ने एक साथ 4 बच्चों को जन्म दिया है। जन्म के बाद चारों बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है, डॉक्टरों ने चारों बच्चों को नवजात सघन चिकित्सा कक्ष में रखा हुआ है। मामला यमुना पार स्थित प्रकाश नगर का है। महिला के पति मनोज कुमार ने बच्चों को पालने के लिए डॉक्टरों और सरकार से मदद की गुहार लगाई है। 

वहीं इस मामले पर यमुना डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉक्टर अभिषेक गुप्ता ने बताया कि प्रकाश नगर के मनोज कुमार की पत्नी खुशबू ने 4 बच्चों को जन्म दिया है, इसमें एक लड़का और 3 लड़कियां हैं। जन्में लड़के का वजन महज एक किलोग्राम है, जबकि 3 लड़कियों का वजन क्रमशः 900 ग्राम, 700 ग्राम और 600 ग्राम है। बच्चों का उपचार कर रहे डॉक्टर अभिषेक गुप्ता ने बताया कि प्रीमेच्योर डिलीवरी होने के कारण इन बच्चों का पूर्ण विकास नहीं हुआ है, ऐसे में इनको नवजात सघन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। 

परिवार के पास पहले से हैं 3 बच्चे
परिवार के मुखिया मनोज कुमार ने बताया कि वह ऑटो चला कर बच्चों का भरण पोषण करता है। गर्भवती पत्नी को जब प्रसव पीड़ा हुई तब उसे यमुनापार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां अल्ट्रासाउंड कराने पर डॉक्टरों ने गर्भ में चार बच्चे बताए थे। इस पर 3 डॉक्टरों के पैनल ने प्रसव कराया। मनोज कुमार ने बताया कि उनके पास 3 बेटियां पहले से हैं। 

Content Writer

Imran