लखनऊ में ऑटो सवार छात्राओं को सुनसान इलाके में ले गया ड्राइवर, फिर की छेड़छाड़... विरोध पर मारा-पीटा, पुलिस ने एनकाउंटर कर दबोचा

punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 12:31 PM (IST)

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में परीक्षा देने जा रही दो युवतियों के साथ यौन उत्पीड़न करने के आरोप में पुलिस ने सोमवार की देर रात पारा थाना क्षेत्र में एक ऑटो चालक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मंगलवार को इसकी जनकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की यह गिरफ्तारी पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के बाद की गई। सोमवार देर रात पुलिस ने एक बयान जारी कर बताया कि सोमवार सुबह आरोपी ऑटो चालक ने चारबाग बस अड्डे के पास से दो युवतियों को आलमबाग जाने के लिये अपने ऑटो-रिक्शा में बिठाया। बयान में कहा गया है कि चालक ने आलमबाग की तरफ जाने के बजाय, वह उन्हें पारा थाना क्षेत्र के रामलीला ग्राउंड के पास एक सुनसान इलाके में ले गया और उनके साथ छेड़छाड़ का प्रयास किया। 

इसमें कहा गया है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उन्हें मारा-पीटा और उनके साथ गाली-गलौज की। बयान में कहा गया है कि मार पीट में महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। बयान में कहा गय है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने आरोपी के रिक्शे को रोकने का प्रयास किया, तो उसने जान से मारने की नीयत से पुलिस दल पर गोली चला दी। बयान में कहा गया है कि पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गयी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिये रानी लक्ष्मी बाई अस्पताल भेज दिया गया। 

पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल ऑटो-रिक्शा, एक देसी पिस्तौल और कारतूस एवं खोखा बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी की पहचान हसीब के रूप में हुई है, जो हरदोई जिले के सांडीला थाना क्षेत्र का निवासी है। पूछताछ के दौरान पता चला कि हसीब आदतन अपराधी है। इसमें कहा गया है कि 2024 में भी हसीब ने हरदोई जिले के सांडीला थाने में इसी तरह का अपराध किया था, जहां उसने एक महिला को ऑटो-रिक्शा में बिठाया और सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था । पुलिस मामले की जांच कर रही हैं ।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static